18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Vidisha / Vidisha Kisan : धान में 14 सौ रुपए प्रति क्विंटल का चूना, भडक़े किसानों ने कर दिया चक्काजाम

Vidisha Kisan : धान में 14 सौ रुपए प्रति क्विंटल का चूना, भडक़े किसानों ने कर दिया चक्काजाम

Vidisha Kisan : नीलामी में 4640 की बोली, बाद में व्यापारी 3200 देने पर अड़े तो किसानों ने किया चक्काजाम, कृषि उपज मंडी में धान की कम कीमत मिलने पर भडक़े किसान
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

विदिशा

•

image

deepak deewan

•

Updated: 18 Nov 2026, 12:55 PM IST

विदिशा में किसानों ने सडक़ पर पाइप रखकर रोका आवागमन

विदिशा में किसानों ने सडक़ पर पाइप रखकर रोका आवागमन image patrika

Vidisha Kisan : विदिशा में किसानों ने एक बार फिर अपना आक्रोश जताया है। धान की कम कीमत मिलने से बुधवार को किसान भडक़ उठे। कृषि उपज मंडी में धान की उपज के तय दाम से करीब 14 सौ रुपए प्रति क्विंटल कम दिए जाने से किसान नाराज हो गए। उन्होंने चक्काजाम कर दिया और नारेबाजी शुरु कर दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम मनीष जैन के हस्तक्षेप और नीलामी दर पर भुगतान के आश्वासन के बाद किसान बमुश्किल माने। इस दौरान करीब एक घंटे किसानों का प्रदर्शन चलता रहा।

मंडी में नीलामी के दौरान धान की बोली 4640 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंची थी, लेकिन जब खरीदारी की बारी आई तो व्यापारी किसानों को केवल 3200 रुपए प्रति क्विंटल देने पर अड़ गए। बोले, धान की गुणवत्ता अलग-अलग है। नीलामी की कीमत और व्यापारियों की ओर से दिए जा रहे भाव में बड़ा अंतर देखकर किसान भडक़ गए और मंडी के सामने मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने मंडी के सामने सडक़ पर पाइप रखकर आवागमन रोक दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से सडक़ पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम मनीष जैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों और व्यापारियों से चर्चा कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया। किसानों ने नीलामी में तय हुई बोली के अनुसार ही भुगतान किए जाने की मांग रखी। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद व्यापारियों ने नीलामी के अनुसार कीमत देने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। इस बीच करीब एक घंटे तक सडक़ पर अफरा-तफरी मची रही। किसानों के शांत होने पर पुलिस ने सडक़ पर रखे पाइप हटवाकर आवागमन फिर से शुरू कराया।

प्रदर्शन के बाद मिलने लगी बेहतर कीमत

किसानों का कहना था कि नीलामी में अच्छी बोली लगने के बावजूद व्यापारी कम कीमत दे रहे थे। विरोध के बाद एसडीएम के हस्तक्षेप से स्थिति बदली और उन्हें धान की उपज का बेहतर भाव मिलने लगा। किसानों ने कहा कि नीलामी में जिस भाव पर उपज की बोली लगती है, उसी के अनुसार भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।