MP News: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले को तोड़कर गंज बासौदा को नया जिला बनाया जा सकता है। इसके लिए लोगों ने ज्ञापन भी सौंपा है।
MP News: मध्यप्रदेश की कई जगहों को जिला बनाने की मांग तेजी से उठ रही है। इसी बीच विदिशा जिले से करीब 48 किलोमीटर दूर गंज बासौदा तहसील को जिला बनाने की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। इसके लिए कायस्थ समाज और ताम्रकार समाज ने परिसीमन आयोग, मुख्यमंत्री और सांसद के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
गंजबासौदा को जिला बनाने के लिए काफी लंबे समय से मांग उठ रही है। यह करीब 90 हजार की आबादी वाली तहसील है। आबादी अधिक होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिस वजह से तर्क दिया जा रहा है कि गंजबासौदा जिला बनेगा तो कई इलाकों का तेजी से विकास होगा।
ताम्रकार, रघुवंशी और कायस्थ समाज ने गंज बासौदा को जिला बनाने के लिए ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि हमारा नगर जनसंख्या के हिसाब से जिले की सबसे बड़ी तहसील है। विदिशा में कुल 12 तहसील हैं। जिसमें कुरवाई 65 किलोमीटर है। सिरोंज 70 किलोमीटर और लटेरी 75 किलोमीटर दूर है। जिसके कारण कोई काम हो तो विदिशा जाना पड़ता है। प्रदेश की सबसे बड़ी गल्ला मंडी भी है। गंज बासौदा जिले की पात्रता रखते हुए जिले की श्रेणी में नहीं आ पाया है।
बता दें कि, मध्यप्रदेश में कुल 10 संभाग है। जिसमें 56 जिले और 430 तहसीलें हैं। नई सीमाओं को तय करने के लिए हर संभाग, जिले, तहसील और ब्लॉक स्तर पर रिपोर्ट मांगी जाएगी। इसके बाद उसमें देखा जाएगा कि जिला मुख्यालय से तहसील या ब्लॉक से कितनी दूरी है। साथ ही उसमें क्या-क्या विसंगतियां है।