mp.patrika.com पर देखिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अहम बैठक का लाइव कवरेज, मध्य प्रांत की प्रमुख बैठक में हो रही है चुनावों को लेकर मंत्रणा...।
विदिशा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मध्य प्रांत की प्रमुख बैठक विदिशा में शुरू हो गई। इसी साल होने वाले कई राज्यों के चुनाव को देखते हुए संघ की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक की औपचारिक शुरुआत संघ प्रमुख मोहन भागवत ने की। इस बैठक को इतना गोपनीय रखा गया है कि मीडिया को गेट पर ही रोक दिया गया है।
इससे पहले आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत सुबह भोपाल से विदिशा पहुंच गए हैं। इसी बीच दत्तात्रेय होसबोले, सुरेश सौनी समेत सैकड़ों आरएसएस और उनके अनुषांगिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता पहुंच गए हैं। यहां तीन दिनों तक आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी, नई रणनीति, पिछली बैठकों के बाद किए गए कार्यों की समीक्षा, हिन्दुत्व समेत अनेक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए संघ ने विभिन्न विषयों को कई सत्रों में बांटा है।
दोपहर में आएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के क्षेत्र में होने वाली संघ की इस प्रमुख बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर दो बजे आएंगे। वे एकात्म यात्रा को संबोधित करेंगे। इस यात्रा को संबोधित करने के लिए संघ प्रमुख के भी आने की संभावना है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा आने से पहले मोहन भागवत से मुलाकात कर उन्हें विदिशा में आयोजित एकात्म यात्रा में आने का न्योता दिया था।
Live Update
11.30 AM
हिन्दुत्व पर आक्रमण पर जताई चिंता
-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रांतीय समन्वय बैठक में पहले दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भाजपा संगठन से जुड़े लोग शामिल हुए। पहले दिन हिन्दुत्व और प्रदेश भाजपा से जुड़े मसलों और रीति-नीति पर गहन चिंतन हुआ।
-पहले दिन संघ पदाधिकारियों ने हिन्दुत्व की बात, उस पर हो रहे आक्रमण पर चिंता जताते हुए देश प्रेम और हिन्दुत्व की रक्षा की बात कही। प्रदेश भाजपा के संबंध में भी चुनावी साल को देखते हुए बात कही गई और लोगों से जुडऩे के लिए जोर दिया गया।
10.45 AM
-संघ की यह बैठक अत्यंत गोपनीय और भारी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। यहां तक की भागवत के आने के बाद आई डॉग स्कॉड को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। केवल संघ के पदाधिकारी ही अंदर जा पा रहे थे। कार्यक्रम स्थल के बाहर और आवासीय स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात था। जबकि कार्यक्रम स्थल में गेट और परिसरों की व्यवस्था स्वयंसेवकों के हाथ थी।
10.30 AM
-सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, राज्यसभा सदस्य प्रभात झा, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और अतुल राय भी पहुंच गए। संघ के अभा शारीरिक प्रमुख सुनील कुलकर्णी, राष्ट्रीय सहसंपर्क प्रमुख अरुण कुमार, ग्राम विकास आयाम के प्रमुख डॉ. दिनेश तथा अभा संघ प्रचारक प्रमुख विनोद कुमार सहित आनुषांगिक 34 संगठनों के विभाग स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
10.00 AM
-करीब 10 बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत आए और सीधे कपूर पैराडाइज पहुंचे। यहां से करीब 30 मिनट बाद वे अपने कारकेड के साथ कार्यक्रम स्थल सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। भागवत एक गाड़ी में आगे वाली सीट पर बैठे हुए थे, वे काली जैकेट, कुर्ता-पाजामा पहने थे और गले में काली धारियों वाला सफेद मफलर लपेटे थे।
-कपूर पैराडाइज से सरस्वती शिशु मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंचते वक्त उनके साथ जेड प्लस सुरक्षा के साथ सीआईएसएफ का दल के अलावा 18 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी और झेमर गाड़ी भी साथ थी।
भाजपा का ग्राफ गिरने से बढ़ी चिंता
संघ के सामने प्रदेश भाजपा संगठन का ग्राफ काफी गिरा हुआ माना जा रहा है। इससे संघ भी चिंतित है। पिछले कुछ समय से हुई भाजपा की किरकिरी को भी संघ ने गंभीरता से लिया है। इन तीनों तक भाजपा की मजबूती के लिए भी संघ कड़े दिशा-निर्देश दे सकता है।
मध्य क्षेत्र में है एमपी-छग
संघ की बैठक में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के आरएसएस कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। कुछ कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। दोनों ही राज्य संघ के मध्य क्षेत्र में आते हैं, इन्हें चार प्रांतों में बांटा गया है। इसमें मध्यभारत, मालवा, महाकौशल प्रांत और छत्तीसगढ़ शामिल है।
संघ प्रमुख मोहन भागवतके लिए कपूर गार्डन में ठहराने की व्यवस्था की गई है। जबकि मप्र-छत्तीसगढ़ सहित देश भर के आरएसएस के पदाधिकारियों को कपूर पैराडाइज, आशीष मंगल वाटिका और सरस्वती शिशु मंदिर केशवनगर में ठहराया गया है।
ऐसा है कार्यक्रम
-सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बैठक और बौद्धिक होगा, इसके लिए भी पांडाल तैयार हो गया है।
-12 जनवरी को एसएटीआई में करीब 4000 लोगों को संघ प्रमुख भागवत संबोधित करेंगे।
-संघ की इस तीन दिनी बैठक को गोपनीय रखा जा रहा है।
-संघ पदाधिकारियों के अलावा कोई यहां प्रवेश नहीं कर पाएगा। मीडिया से भी दूरी रहेगी।