पंचायत राज संचालनालय से जारी हुई सूची
विदिशा. जिलेवासियों के लिए यह अ'छी खबर है, क्योंकि विदिशा नगर पालिका पूरी तरह ऑनलाइन होने के बाद अब जिला पंचायत, जनपद पंचायतें और ग्राम पंचायतें भी ई-भुगतान में अव्वल हो गई हैं, जिसके चलते पंचायत राज संचालनालय द्वारा हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक भुगतान आर्डर (ईपीओ) मामले में जारी सूची में प्रदेश के टॉप 10 जिलों में विदिशा भी शामिल है।
इस सूची में विदिशा आठवें स्थान पर है। जिला पंचायत सहित जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में अप्रेल 2018 से ई-भुगतान शुरू हुआ और चैक से भुगतान धीरे-धीरे कर पूरी तरह बंद किया गया। यानी मनरेगा के तहत होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों से लेकर आवास, शौचालय या ग्रामीण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य होने पर संबंधित ठेकेदार या कंस्ट्रक्शन कंपनी को ई-भुगतान शुरू कर दिया, जिसके तहत सीधे खाते में राशि जाने लगी और इसकी रसीद भी ऑनलाइन दी जाने लगी।
धीरे-धीरे कर अब यह स्थिति है कि जिपं द्वारा समस्त प्रकार के भुगतान डिजिटल ही किए जा रहे हैं किसी भी भुगतान के लिए चैक आदि नहीं दिए जाते।
जिला पंचायत के पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार एक अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2019 तक करीब 19 माह में कुल 2 हजार 919 ईपीओ जारी हुए।
नपा भी है डिजिटल भुगतान में अव्वल
मालूम हो कि विदिशा नगरपालिका में समस्त प्रकार के कर डिजिटल जमा होने के साथ ही समस्त प्रकार के भुगतान डिजिटल किए जा रहे हैं। इस कारण नपा पहले ही पूरी तरह डिजिटल हो चुकी है और नपा अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में विदिशा पहली डिजिटल नपा है, जहां सभी तरह के कर जहां जमा जहां ऑनलाइन होने लगे हैं और विभिन्न निर्माण या अन्य व्ययों का भुगतान डिजिटल हो रहा है।
ई-रैंकिंग में टॉप-10 में आए यह जिले...
1. छिंदवाड़ा
2. बालाघाट
&. मंडला
4. धार
5. सागर
6. बैतूल
7. रीवा
8. विदिशा
9. नरसिंहपुर
10. इंदौर
जिला पंचायत से सभी भुगतान ईपीओ के माध्यम से ही हो रहे हैं। एक भी दिन किसी का भुगतान नहीं रोका जाता, बिल लगते ही तुरंत ई-भुगतान कर दिया जाता है। वहीं जनपदों और ग्राम पंचायतों में भी लगभग सभी तरह के निर्माण आदि कार्यों के भुगतान डिजिटल ही हो रहे हैं। इस कारण विदिशा को यह रैंक मिली है।
- मनोज राय, अकाउंटेंट, जिपं, विदिशा