विदिशा

नपाध्यक्ष सहित पार्षदों ने सड़कों पर लगाया झाड़ू- देखें वीडियो

सफाई कामगारों की हड़ताल के चलते सुबह से ही शहर के मुख्य मार्गों के साथ ही गली-मोहल्लों में भी सफाई नहीं की गई।

3 min read
Oct 15, 2017

विदिशा। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन के प्रांतीय आव्हान पर विभिन्न मांगों के निराकरण के लिए सफाईकामगारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार से शुरु हुई। जिसके चलते सुबह से ही शहर की सड़कों सहित गली-मोहल्लों में कचरा और गंदगी का अंबार लग गया था। नालियां गंदगी से पटी पड़ी थीं। नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन अपनी टीम के साथ सुबह से ही शहर का जायजा ले रहे थे।

शहर में जगह-जगह गंदगी और लोगों को परेशान होता देख सुबह 11 बजे से वे हाथ में झाड़ू लेकर अपनी परिषद की टीम के साथ माधवगंज पहुंचे और मुख्य सड़कों पर झाड़ू लगाकर कचरा स्वयं उठाकर कचरा ऑटो में डाला। नपाध्यक्ष सहित पार्षदों को झाड़ृ लगाता देख कई व्यापारी, समाजसेवी और युवाओं ने भी हाथों में झाड़ू पकड़ी और सफाई अभियान में जुट गए।

ये भी पढ़ें

यूजीसी की एंटी रैगिंग हेल्पलाइन पहुंचा छात्रसंघ चुनाव का पहला विवाद

झाड़ू लगाने के दौरान उड़ते धूल के गुबार के बावजूद कोई झाड़ृ लगा रहा था, कोई कचरा उठा रहा था, कोई हाथ की कचरा गाड़ी या ऑटो में कचरा डाल रहा था, तो कोई कचरा गाड़ी धका रहा था। बड़ा ही दिलचस्प नजारा बाजार में दिखा। नपाध्यक्ष को टीम सहित झाड़ू लगाता देख हर कोई अचरज में था।

सफाई कामगारों की हड़ताल के चलते सुबह से ही शहर के मुख्य मार्गों के साथ ही गली-मोहल्लों में भी सफाई नहीं की गई थी। जिसके चलते शहर की सबसे मुख्य सड़क बड़ा बाजार से लेकर माधवगंज तक सड़क पर कचरे के ढेर लगे हुए थे। सुबह सात बजे से त्योहारी सीजन पर फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले पहुंचे, तो सड़क पर कचरे के ढेर देख वह आश्चर्यचकित रह गए। कई व्यापारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की। वहीं कई फुटकर व्यापारी गंदगी के कारण दुकान ही नहीं लगा पाए। यही हाल दुकानदारों का था। सुबह से ही कई व्यापारी दुकानों के सामने झाड़ू लगाते देखे गए। नालियां भी गंदगी से पटी पड़ीं थीं। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। सुबह करीब साढ़े छह बजे नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन माधवगंज पहुंचे और स्थितियों का जायजा लिया।

कचरा वाहन चालक जाने लगे रिपोर्ट दर्ज कराने :
घर-घर जाकर कचरा लेने वाले एक वाहन चालक से हड़ताली नेता ने अभद्रता करते हुए ऑटो नहीं चलाने की बात कही। जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया और नपाध्यक्ष तक जानकारी पहुंची। जिस पर नपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारियों को मामले की शिकायत की। वहीं माधवगंज पर ही नपा के कई ऑटो चालक एकत्रित होने लगे और और थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने जाने लगे। लेकिन फिर कुछ सफाईकामगारों ने नपाध्यक्ष से माफी मांगी और मामला रफादफा हो गया। इस दौरान माधवगंज पर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हुई। कुछ लोगों ने सड़कों पर गंदगी की शिकायत भी नपाध्यक्ष से की।

सिर्फ फोटो सेशन कर समाप्त नहीं हुआ अभियान :
सुबह 11 बजे नगरपालिका अध्यक्ष टंडन सभी भाजपा पार्षदों के साथ हाथों में झाड़ू लेकर पहुंचे और सफाई अभियान में जुटे। माधवगंज से लेकर निकासा, तिलकचौक, बड़ा बाजार तक यह अभियान चला। संभवत: यह पहला अभियान है, जो सिर्फ फोटो खिंचवाकर समाप्त नहीं हुआ और लगातार दो घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। जिसमें नपाध्यक्ष, पार्षद सहित शहर के अधिकांश नागरिकों ने सहभागिता की। झाड़ू लगाते समय नपाध्यक्ष सहित कई पार्षद मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और सफाई करने के दौरान पसीना-पसीना हो रहे थे। नपाध्यक्ष की इस पहल को जिसने देखा उसी ने सराहा।

टीम बनाकर करेंगे सफाई :
नगरपालिका अध्यक्ष टंडन ने बताया कि त्योहार पर विशेष साफ-सफाई की आवश्यकता रहती है। ऐसे में सफाईकामगारों की हड़ताल पर शहरवासियों पर असर नहीं पड़े और साफ-सफाई बनी रहे। इसके लिए वे टीम बनाकर जब तक हड़ताल चलेगी स्वयं सफाई करने सुबह से मुख्य मार्गों पर पहुंचेंगे।

यहां बैठे धरने पर :
नीमताल पर अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस टे्रड यूनियन के बैनर तले जिलेभर के सफाईकामगार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे। यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश कटारे ने बताया कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं होगा, यह हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि वे २६ सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए हड़ताल कर रहे हैं।

इनमें प्रमुख रूप से सफाईकामगारों का नियमितिकरण करना, मंहगाई भत्ता बढ़ाया जाए। संयुक्त संचालक द्वारा वरिष्ठता की सूची में कई कमियां निकालकर सफाई कामगारों को अपात्र बनाया जा रहा है, इसकी जांच हो। मई 2007 से कार्यरत एवं सितम्बर 2016 को कार्यरत कामकार पात्र होंगे में संर्पूण मप्र में नगरपालिकाओं में जो सफाईकामगार वर्ष 5—6 से कार्यरत हैं उनके रिकार्ड ही गायब कर दिए गए हैं। उन्हें 2008—09 में दर्शाया जाए सहित कई मांगे शामिल हैं।

ये भी पढ़ें

Indian Railway: चेयरमैन कर रहे एसी कोच में सफर, लेकिन अफसर नहीं छोड़ पा रहे सैलून का शौक
Updated on:
15 Oct 2017 03:56 pm
Published on:
15 Oct 2017 03:55 pm
Also Read
View All