कई केंद्रों से किसानों को लौटना पड़ा
विदिशा. बारिश के कारण गेहूं की चमक उडऩे से किसान आफत में आ गए हैं। इस गेहंू को सफेद मानते हुए खरीदी केंद्र में दूसरे दिन भी ऐसे गेहूं की खरीदी नहीं हुई और किसान परेशान होते रहे उन्हें केंद्रों से अपनी ट्रॉली वापस घर ले जाना पड़ी। वहीं सायलों में भी सुबह से ट्रॉली आना शुरू हो गई यहां भी सफेद गेहूं को नहीं खरीदा गया। इधर खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को 163 खरीदी केंद्रों में 18 हजार 723 क्विंटल अनाज की खरीदी हुई है।
किसान नेता राजकुमार बघेल ने बताया कि दयानंदपुर खरीदी केंद्र में कई किसान अपना अनाज बेचने पहुंचे थे इनमें से करीब छह किसानों का गेहूं चमक चली जाने के कारण नहीं खरीदा गया और उन्हें अनाज लेकर केंद्र से लौटना पड़ा। इसी तरह की स्थिति कुछ अन्य केंद्रों में भी बनी। उनका कहना है कि पहले भी कई बार बारिश में गेहूं खराब हुआ है लेकिन इसके बाद भी खरीदी हुई है, लेकिन इस बार ऐसा न होने से किसान परेशान हो रहे हैं। ऐसे में किसान अपनी मेहनत की फसल को कैसे बेंच पाएगा। उन्होंने बताया कि अभी उनके क्षेत्र खामखेड़ा, खमतला, सांकलखेड़ा, करैला, थांदेर आदि स्थानों पर अभी अनाज नहीं तुल पा रहा है। इधर सायलो खरीदी केंद्र में भी सुबह से ट्रॉलियों की कतार लगने लगी थी। सायलों प्रबंधक ने बताया कि इस केंद्र पर बुधवार को 1400 क्विंटल एवं गुरुवार को करीब 1500 क्विंटल गेहूं की खरीदी हुई है। उन्होंने बताया कि सफेद गेहूं के संबंध में खरीदी की अनुमति मिलने पर इस गेहंू की खरीदी हो पाएगी। इधर जिला खाद्यविभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 163 खरीदी केंद्र पर खरीदी हुई है जहां 781 किसानों से 18723.44 क्विंटल अनाज की खरीदी की गई है।
20 अप्रेल को खुल सकती है अनाज मंडी
वहीं किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अनाज मंडी खोलने के संबंध में नपा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें नपाध्यक्ष मुकेश टंडन, एसडीएम संजय जैन, अनाज तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष राधेश्याम माहेश्वरी, सीएमओ सुधीरसिंह मौजूद रहे। इस दौरान तय किया गया कि 20 अपे्रल तक मंडी को चालू किया जाना है। नपाध्यक्ष टंडन ने बताया कि इस यह खरीदी सौदा पत्रक के जरिए होगी। किसान अनाज की ट्रॉली लेकर नहीं आएंगे। वे अनाज का सैंपल लाएंगे यहां दस व्यापारियों को अपने सैंपल दिखाएंगे जहां उसे रेट ठीक मिलेगा उस पर सौदा पत्रक तैयार होगा। बाद में ट्रॉली लाकर किसान अपना अनाज उस व्यापारी को बेंचेगा। यह सभी प्रक्रिया नई मिर्जापुर मंडी में होगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई मुद्दों पर सहमति बनी। कुछ मुद्दों पर सहमति बनना है। इसके लिए 20 अपे्रल से पूर्व एक और बैठक की जाएगी।
किसानों को वापस बुलाकर की खरीदी
इधर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ ने दावा किया कि चमक विहीन गेहूं के लिए आ रही समस्या का समाधान करा दिया गया है। गुरुवार को चमक विहीनता का प्रतिशत दर्ज करते हुए चमक विहीनता के कारण रिजेक्ट गेहूं वाले किसानों को वापस बुलवा कर उनके गेहूं की तौल कराई गई है।