शक्ति समागम में शामिल हुई करीब 1500 महिलाएं
विदिशा। महिला समन्वय विभाग द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय में महिला सम्मेलन शक्ति समागम का आयोजन हुआ इसमें रायसेन व विदिशा जिले की करीब 1500 महिलाएं शामिल हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. नीरजा गुप्ता वाईस चांसलर सांची बौद्ध यूनिवर्सिटी एवं अपर कलेक्टर अमृता गर्ग ने किया। इस मौके पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि नारी को समाज ने हमेशा असहाय समझा परन्तु नारी हमेशा से देवी अष्टभुजा की तरह सबला है जिसके अंदर ममत्व का गुण अंतर्निहित है, जहां नारी को अपने ममत्व को सम्हालते हुए हमें हमारी अंतर्निहित शक्ति को उजागर करना जरूरी है।
इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य भक्ति शर्मा ने कहा कि आज महिलाओं को जो सुख सुविधाएं मिल रहीं हैं, उन सुविधाओं को उपयोग करते हुए हम स्वावलंबन के विषय में क्यों नहीं सोचते। महिलाओं और पुरुषों को अपने घरों में अपने बच्चों को क्यों भारतीय संस्कार संस्कृति नहीं सिखाते। वहीं कार्यक्रम के समापन सत्र में डॉ. शशि ठाकुर, महिला समन्वय मध्य भारत प्रान्त की संयोजिका ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की क्या भूमिका हो सकती है, इस विषय पर जानकारी दी, वहीं महिला समन्वय विदिशा विभाग संयोजिका राजश्री वैद्य ने सभी बहनों का एवम अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
--------------
नृत्य, गीत भजनों की भी हुई प्रस्तुति
कार्यक्रम में महिलाओं के समूहों ने विभिन्न नृत्यों गीत व भजनों की भी प्रस्तुति की। इस आयोजन में लटेरी, कुरवाई, सिरोंज, शमशाबाद, नटेरन, बासौदा, अहमदपुर, रायसेन, बैरसिया, बरेली आदि स्थानों ने महिलाएं शामिल हुई और सांस्कृतिक कार्यक्रम, बौद्धिक चर्चा में अपनी सहभागिता की।