
नई दिल्ली: आप सभी ने भूत-प्रेतों के किस्से और कहानियां तो खूब सुनी होंगी लेकिन शायद कभी हकीकत में कभी कोई भूत ना देखा हो। लोग ऐसा मानते हैं कि भूत-प्रेत सिर्फ ऐसे ही शख्स को दिखाई देते हैं जिन्हें वो दिखना चाहते हैं। यह बात काफी अजीब लगती है लेकिन अब हम आपको हाल ही में हुई एक अजीबों-गरीब घटना के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे जानने के बाद शायद आप के भी रौंगटे खड़े हो जाएंगे।
दरअसल इंग्लैंड के पैंटन डेवोन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां पर एक महिला ने हकीकत में एक भूत को देखने का दावा किया है। बता दें कि इस महिला ने भूत को अपनी आंखों दे नहीं देखा है, बल्कि जब वो अपने कैमरे से वीडियो बना रही थी तब उसने कैमरे में एक अजीब सी दिखने वाली चीज को नोटिस किया। महिला का दावा है कि ये अजीब सी दिखने वाली चीज एक महिला का प्रेत है।
आपको बता दें कि इस महिला का नाम लुईस लेनटन है और यह घटना शाम 5 बजे के आसपास की है जब लुईस अपने 5 साल के बेटे को साइकिल चलवाने की प्रैक्टिस करवा रही थी। बता दें कि लुईस का बेटा यहां पर मौजूद ओल्डवे मैन्शन के सामने ही साइकिल चलाने की प्रैक्टिस कर रहा था। लुईस इस दौरान अपने बेटे का वीडियो शूट कर रही थीं लेकिन इस दौरान उन्हें कैमरे में कुछ भी दिखाई नहीं दिया।
जब लुईस वापस अपने घर लौटी और शूट किए गए वीडियो को देखा तो उन्हें डर लग गया क्योंकि उन्होंने जो वीडियो शूट किया था उसमें ओल्डवे मैन्शन की बालकनी में उन्हें एक महिला का साया दिखाई दिया, यह महिला पुराने समय की लग रही थी और उसने विक्टोरियन स्टाइल के कपड़े पहने हुए थे जिसे देखकर लुईस ने अंदाजा लगाया कि ये कोई प्रेत आत्मा है। इस वीडियो को देखने के बाद लुईस काफी डर गयी थीं क्योंकि यह प्रेत उनके बेटे को साइकिल चलाता हुआ देख रहा था।