
नाइजीरिया (Nigeria) में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ओंडो (Ondo) राज्य में एक स्थानीय शराबपीने से 48 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इस शराब में मेथेनॉल (Methanol) मिली हुई थी और इसी वजह से इन लोगों की जान गई। इस बारे में पुलिस ने जानकारी दी।
मेथेनॉल मिली हुई शराब पीने से 100 से ज़्यादा लोगों की तबीयत खराब हो गई है। इस वजह से उन्हें नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
ओंडो पुलिस के प्रवक्ता अबायोमी जिमोह ने इस बारे में कहा कि घटना के सिलसिले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक व्यक्ति ऐसी शराब बना रहा था, जिसमें मेथेनॉल मिला हुआ था। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से जो शराब में मेथेनॉल मिला रहा था, वह भी जांच में पुलिस की मदद कर रहा है।
मेथेनॉल से शराब जहरीली बनती है। सामान्य शराब में एथेनॉल होता है, जो पीने योग्य है। लेकिन अगर उसमें मेथेनॉल मिल जाए, तो वो जहर बन जाती है। शरीर में पहुंचते ही मेथेनॉल अपना असर दिखाना शुरू कर देता है। लीवर में एल्कोहॉल डिहाइड्रोजिनेज नाम के एंजाइम इसे पहले फॉर्मल्डिहाइड में बदलता है। फिर यह फॉर्मिक एसिड में बदल जाता है। ये दोनों पदार्थ बहुत जहरीले होते हैं। फॉर्मिक एसिड शरीर में एसिडोसिस पैदा करता है, जिससे खून का pH गिर जाता है। इससे आंखों की ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचता है, जिससे अस्थायी या स्थायी अंधेपन की भी समस्या हो सकती है। इसके अलावा सिरदर्द, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ, दौरे पड़ना, कोमा और मौत होने तक का खतरा रहता है। मेथेनॉल की थोड़ी मात्रा भी जानलेवा साबित हो सकती है। यही कारण है कि मिलावटी शराब में मेथेनॉल मिलने से बड़े पैमाने पर जहरीली शराब से मौतों के मामले सामने आते हैं। इसकी कीमत भी बेहद कम होती है जिसकी वजह से लोग मिलावटी शराब में इसका इस्तेमाल करते हैं।