
आतंकी संगठन हमास (Hamas) को खत्म करने के लिए गाज़ा (Gaza) और आसपास के इलाकों में इज़रायल (Israel) की सैन्य कार्रवाई जारी है। इज़रायली सेना लगातार गाज़ा और आसपास के इलाकों में हमले कर रही है, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है। कई निर्दोष लोग इज़रायली सेना के हमलों में अपनी जान गंवा रहे हैं।
इज़रायली सेना गाज़ा में अलग-अलग जगहों पर हमले कर रही है। गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों में गाज़ा पर इज़रायली सेना के हमलों में 7 लोग मारे गए। वहीँ 15 लोग इन हमलों में घायल हो गए। 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। अन्य घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी है।
गाज़ा में पिछले साल 11 अक्टूबर को सीज़फायर शुरू हुआ था। हालांकि कुछ समय बाद ही इसका उल्लंघन शुरू हो गया था। सिर्फ इज़रायली सेना ने ही नहीं, हमास ने भी इसका उल्लंघन किया। गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले साल हुए इस सीज़फायर के बाद से अब तक गाज़ा में इज़रायली सेना के हमलों की वजह से 1,658 लोग मारे गए हैं और 6,000 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार सीज़फायर की घोषणा के बाद से 850 शव बरामद किए जा चुके हैं।
गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अक्टूबर 2023 में गाज़ा पर इज़रायल के हमलों की शुरुआत के बाद से अब तक 74,710 फ़िलिस्तीनी मारे गए हैं और 176,131 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों और घायलों का आंकड़ा हर दिन बढ़ता ही जा रहा है।
7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इज़रायल पर किए गए घातक हमले के बाद इजरायली सेना ने गाज़ा में सैन्य अभियान शुरू किया। इसका प्रमुख लक्ष्य हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण है। इज़रायल का मानना है कि हमास की सैन्य क्षमता को खत्म किए बिना उनके देश की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती। हमास के पास कई रॉकेट्स, भूमिगत सुरंगें (टनल नेटवर्क), हथियार भंडार और प्रशिक्षित आतंकी हैं, जिन्हें इज़रायल पूरी तरह खत्म करना चाहता है। अभी तक की सैन्य कार्रवाई में इज़रायल ने हमास की सैन्य क्षमता को काफी हद तक खत्म कर दिया है, लेकिन इसका पूरी तरह अंत नहीं हुआ है। इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू साफ कर चुके हैं कि गाज़ा से उनकी सेना तब तक नहीं हटेगी जब तक हमास अपने हथियार नहीं डाल दे और गाज़ा के शासन से पूरी तरह हट नहीं जाए। नेतन्याहू कह चुके हैं कि हमास का निरस्त्रीकरण युद्ध को पूरी तरह से खत्म करने के लिए बेहद ज़रूरी है जिससे भविष्य में कभी भी इज़रायल पर 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले जैसा कोई भी हमला न हो और इज़रायल पर किसी तरह का कोई खतरा न रहे।