विदेश

अफगानिस्तान में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.3 रही तीव्रता

अफगानिस्तान में सुबह 06:59 बजे भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 5.3 रही।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Afghanistan Earthquake Today, Hindukush Earthquake News
अफगानिस्तान में सुबह-सुबह 5.3 तीव्रता का भूकंप (Photo Credit- X/@airnewsalerts)

Afghanistan Earthquake Today: अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, सुबह ठीक 6:59 बजे महसूस किए गए इन झटकों की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई। अचानक आए इस भूकंप के कारण इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कम गहराई में था केंद्र, इसलिए ज्यादा महसूस हुए झटके

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज की रिपोर्ट के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र जमीन से सिर्फ 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भू-वैज्ञानिकों का मानना है कि जब भूकंप का केंद्र सतह के इतने करीब होता है, तो उसका असर आसपास की जमीन पर ज्यादा तीव्र और खतरनाक महसूस होता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्राथमिक रिपोर्टों में अब तक किसी भी तरह के जान-माल के बड़े नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।

इस इलाके में बार-बार क्यों आता है भूकंप?

अफगानिस्तान और पाकिस्तान से सटा यह हिंदूकुश-पामीर इलाका दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप संभावित क्षेत्रों में गिना जाता है। दरअसल, यह पूरा पहाड़ी क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के टकराने वाली जगह पर बसा है। इन दोनों विशाल प्लेटों के आपस में टकराने और नीचे चलने वाली निरंतर हलचल के कारण हिंदूकुश और उसके आसपास के पहाड़ी इलाकों में रह-रहकर मध्यम और तेज गति के भूकंप आते रहते हैं।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

उथले भूकंप से क्यों तेज लगते हैं झटके?

भूकंप का केंद्र हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला के पहाड़ी इलाके में 36.05 डिग्री उत्तर अक्षांश और 68.87 डिग्री पूर्व देशांतर पर था। वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगर भूकंप जमीन के ज्यादा नीचे नहीं आता है तो उसके झटके सतह पर ज्यादा महसूस होते हैं। यही वजह है कि भूकंप के केंद्र के आसपास के इलाकों में लोगों को तेज झटके महसूस हो सकते हैं। गुरुवार को आए भूकंप की गहराई कम थी। ऐसे भूकंप के झटके जमीन की सतह तक जल्दी पहुंचते हैं, इसलिए भूकंप के केंद्र के आसपास रहने वाले लोगों को ज्यादा तेज हलचल महसूस हो सकती है। वहीं, हिंदू कुश क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में कई बार भूकंप दर्ज किए गए हैं।

Updated on:
01 Oct 2026 08:46 am
Published on:
01 Oct 2026 08:05 am