
काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को एक स्कूल में हुए विस्फोट से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 99 अन्य घायल हो गए। कुनार प्रांत के संस्कृति एवं सूचना निदेशक सामी उल हक बयान ने घटना की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्कूल के पास स्थित विस्फोटक सामग्री के एक गोदाम में लापरवाही के कारण धमाका हुआ। यह गोदाम खनन कंपनियों का बताया जा रहा है।
विस्फोटक गोदाम में लापरवाही से हुआ धमाका
अधिकारियों के मुताबिक, यह विस्फोट प्रांतीय राजधानी असदाबाद के बाहरी इलाके में स्थित स्कूल में हुआ। कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे अंडार सेर इलाके में धमाका हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल के पड़ोस में खनन कंपनियों का विस्फोटक सामग्री रखने वाला गोदाम था। आशंका है कि वहां सुरक्षा में लापरवाही के कारण विस्फोट हुआ। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
विस्फोट में 99 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से करीब 15 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में घायल बच्चों को कारों के जरिए असदाबाद के अस्पताल के आपातकालीन विभाग में पहुंचाते हुए देखा गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्कूल की इमारत का एक हिस्सा भी ढह गया।
अफगानिस्तान प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध देश है। यहां लौह अयस्क, तांबा, सीसा, जस्ता, सोना, कोयला और कीमती पत्थरों का बड़े पैमाने पर खनन होता है। कुनार प्रांत में रत्नों के खनन का काम भी तेजी से बढ़ रहा है। विभिन्न कंपनियां यहां से कीमती पत्थर निकालकर नीलामी के जरिए बेचती हैं। हालांकि, खनन कंपनियों में सुरक्षा मानकों की स्थिति अक्सर खराब रहती है। इसके चलते इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।
अफगानिस्तान में स्कूलों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसी साल अगस्त में राजधानी काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ था। इस घटना में 9 से 14 साल की उम्र के 40 से अधिक बच्चे घायल हो गए थे।