
Treating diseases with AI: क्लॉड एआइ चैटबॉट बनाने वाली कंपनी एन्थ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई ने दावा किया है कि आने वाले एक दशक से भी कम समय में कैंसर, अल्जाइमर, हृदय रोग और मानसिक बीमारियां इतिहास बन सकती हैं। उनका मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) जैविक अनुसंधान, नई दवाओं की खोज और चिकित्सा क्षेत्र में शोध की गति को कई गुना बढ़ा सकती है। इससे ऐसी बीमारियों का इलाज खोजने में मदद मिलेगी, जिन्हें चिकित्सा जगत लंबे समय से सबसे बड़ी चुनौतियों में गिनता रहा है।
स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क और गूगल के एआइ प्रमुख डेमिस हसाबिस भी चिकित्सा क्षेत्र में एआइ की संभावनाओं को लेकर ऐसी ही उम्मीद जता चुके हैं। हसाबिस का मानना है कि एआइ की मदद से नई दवाओं की खोज में लगने वाला एक दशक का समय घटकर महज कुछ सप्ताह रह सकता है। ऐसा संभव हुआ तो कई गंभीर बीमारियों के इलाज की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति हो सकती है। हालांकि, इन दावों को फिलहाल भविष्य की संभावनाओं के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
एआइ से चिकित्सा अनुसंधान में तेजी आने की उम्मीदों के पीछे कई वैज्ञानिक उपलब्धियां हैं। गूगल के एआइ प्रमुख डेमिस हसाबिस ने 'अल्फाफोल्ड' का उदाहरण दिया है, जिसने 20 करोड़ से अधिक प्रोटीन संरचनाओं की मैपिंग की है। इसे जैविक अनुसंधान की बड़ी उपलब्धि माना जाता है। इससे साबित हुआ है कि एआइ वैज्ञानिक शोध की गति बढ़ा सकता है।
एक दशक में बीमारियों का इलाज खोजने के दावों से दवा उद्योग के विशेषज्ञ सहमत नहीं हैं। वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल्स के कार्यकारी चेयरमैन जेफ लेडेन ने ऐसी समय सीमा को बकवास करार दिया है। उनके मुताबिक, वर्टेक्स ने 50 एआइ कंपनियों के साथ मिलकर 10 हजार ड्रग कंपाउंड की जांच की, लेकिन कोई भी कारगर दवा विकसित नहीं कर पाई।
विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती मॉलिक्यूल की खोज तेज होने के बावजूद क्लिनिकल ट्रायल, नियामकीय मंजूरी और जानवरों व इंसानों पर परीक्षण से बचना संभव नहीं है। दवा विकसित करने में लगने वाले 10 से 12 वर्षों का बड़ा हिस्सा इन्हीं चरणों में खर्च होता है। हृदय रोग विशेषज्ञ व डिजिटल मेडिसिन विशेषज्ञ एरिक टोपोल का कहना है कि एआइ मॉडलों में क्रांतिकारी इलाज की भरोसेमंद खोज के लिए जरूरी समझ नहीं है। यही वजह है कि 2026 तक एआइ से डिजाइन की गई कोई दवा पूरी तरह क्लिनिकल उपयोग में नहीं आ सकी है।