
तुर्किये के अंताल्या में चल रहे कॉप 31 जलवायु सम्मेलन में यूनेस्को और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन ने एक नई रिपोर्ट पेश की है। 'कैन वी ट्रस्ट एआइ ऑन क्लाइमेट?' नामक रिपोर्ट के अनुसार, एआइ चैटबॉट्स शुरुआत में जलवायु परिवर्तन के सही तथ्य बताते हैं, लेकिन जब यूजर उनसे असहमति जताता है, तो वे तुरंत अपनी बात बदल लेते हैं। एआइ चैटबॉट्स की यह प्रवृत्ति चापलूसी को दर्शाती है। एआइ मॉडल को इस तरह से ट्रेन किया जाता है कि वे यूजर के साथ विनम्र रहें और उनकी हां में हां मिलाएं। परीक्षण में पाया गया कि 10 में से 8 बार एआइ ने यूजर के जरा सा विरोध करने पर ही वैज्ञानिक सच को छोड़ दिया और गलत बातों पर सहमति जता दी।
रिपोर्ट में बताया गया कि दबाव डालने पर एआइ ने यह तक मान लिया कि कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ2) जलवायु परिवर्तन का मुख्य कारण नहीं है। जब शोधकर्ताओं ने सीधे और सामान्य सवाल पूछे, तो एआइ ने लगभग 90% तक सही जवाब दिए। लेकिन जब दो अलग-अलग जलवायु नीतियों के मिले-जुले असर को समझने की बात आई, तो एआइ की सटीकता गिरकर मात्र 33.8% रह गई।
अंग्रेजी, स्पेनिश और फ्रेंच जैसी भाषाओं में एआइ ने 88% से अधिक सटीक जानकारी दी। इसके उलट, हिंदी और बंगाली में यह सटीकता घटकर 83.6%, उर्दू में 81.4% और स्वाहिली में 78.3% रह गई। यह चिंताजनक है क्योंकि इन भाषाओं को बोलने वाले क्षेत्रों में जलवायु संकट का असर सबसे ज्यादा है।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, शोधकर्ताओं ने 13 भाषाओं में 33 प्रमुख एआइ मॉडलों की जांच की है। रिपोर्ट की प्रमुख लेखिका लियोना वर्दादेरो ने चेतावनी दी है कि एआइ के जवाब सुनने में बहुत आत्मविश्वास से भरे और समझदार लगते हैं, लेकिन वे हमेशा सही नहीं होते। इसलिए जलवायु नीतियां बनाने या किसी गंभीर फैसले के लिए वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के बजाय पूरी तरह से एआइ पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है।