18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

डोनाल्ड ट्रंप के कत्ल की ईरानी साजिश: 5,000 डॉलर देकर ‘किराए के कातिल’ ढूंढे, निकले FBI एजेंट

Trump Assassination Plot: तेहरान की गुप्त बैठकों में तैयार हुआ था पूरा खाका, पर अमेरिका पहुंचते ही उसका पहला भरोसेमंद साथी उसका सबसे बड़ा दुश्मन निकला। एक फोन कॉल ने कैसे पलट दी पूरी बाजी?
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Manoj Vashisth

•

Updated: 18 Nov 2026, 8:55 AM IST

Donald Trump Assassination Plot

Donald Trump Assassination Plot : ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को 27 साल की जेल (फोटो सोर्स: ANI)

Asif Merchant Sentenced: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जान लेने की जिस साजिश ने वाशिंगटन से तेहरान तक हलचल मचा दी थी, उसके किरदार को आखिरकार उसकी सजा मिल गई। ब्रुकलिन की संघीय अदालत ने पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को साढ़े 27 साल कैद सुनाई है। ईरान की ताकतवर सेना आईआरजीसी का यह प्रशिक्षित एजेंट जिन्हें भाड़े के हत्यारे समझ रहा था, वे दरअसल एफबीआई के अंडरकवर अफसर थे।

330 महीने की जेल, अमेरिकी अदालत ने सुनाया फैसला

एएनआई ने अमेरिकी न्याय विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया कि जज एरिक कोमिटी ने 48 वर्षीय मर्चेंट को 330 महीने यानी 27 साल छह महीने की सजा सुनाई। मार्च 2026 में जूरी उसे सीमा-पार आतंकी कृत्य की कोशिश और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश का दोषी ठहरा चुकी थी।

धार्मिक यात्राओं के बहाने ईरान पहुंचा, IRGC के हैंडलर से जुड़ा

इस कहानी की शुरुआत 2022 के आसपास हुई, जब मर्चेंट धार्मिक यात्राओं पर ईरान जाने लगा। एक रिश्तेदार के जरिए उसकी पहचान आईआरजीसी के हैंडलर यूसुफ मेरहरदाद से हुई। 2023 से डेढ़ साल तक वह तेहरान में करीब 15 बार उससे मिला। हैंडलर ने उसे खुफिया निगरानी से बचने के गुर सिखाए और अमेरिका जाकर अधिकारियों की हत्या की योजना बनाने को कहा। निर्देश साफ था किसी राजनीतिक रैली में काम तमाम करने के लिए अपराधियों या माफिया की मदद लो।

अमेरिका पहुंचकर हत्यारों की तलाश, लेकिन FBI ने बिछाया जाल

अप्रैल 2024 में ईरान में एक हफ्ता बिताने के तुरंत बाद मर्चेंट अमेरिका पहुंचा। उसने एक परिचित से मदद मांगी, लेकिन वही शख्स एफबीआई के पास पहुंच गया और बाद में मुखबिर बन गया। अदालत में चली एक वीडियो रिकॉर्डिंग में मर्चेंट रैली में किसी नेता की हत्या का नक्शा समझाता दिखा। फिर वह जिन 'हिटमैन' से मिला, वे एफबीआई के अंडरकवर एजेंट थे। तीन मुलाकातों में उसने विदेश में बैठे लोगों के लिए काम करने की बात कही और 5,000 डॉलर एडवांस भी दिए, जो विदेश में रह रहे रिश्तेदारों की मदद से जुटाए गए थे।

ट्रंप की रैली पर नजर, गूगल मैप्स पर भी खोजी लोकेशन

विज्ञप्ति के मुताबिक उसे 12 जुलाई को टेक्सास के रिचमंड में उस वक्त पकड़ा गया, जब वह एयरपोर्ट के लिए निकलने वाला था। उसके लैपटॉप, मोबाइल और सोशल मीडिया में 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और ट्रंप पर उसका फोकस दिखा। न्यू जर्सी में हुई ट्रंप रैली की लोकेशन तक गूगल मैप्स पर खोजी गई थी। उसने मुकदमे में माना कि उसे ट्रंप ही असली निशाना लगते थे। उसकी सूची में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और निक्की हेली के नाम भी थे। उसके पोस्ट में सोलेमानी की तारीफ और अमेरिका के खिलाफ जहर भी मिला।

कासिम सोलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था ईरान

अटॉर्नी जनरल टोड ब्लैंच ने कहा कि अमेरिकी नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकी साजिशें बर्दाश्त नहीं होंगी। राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के अधिकारी एम. स्कॉट प्रोक्टर ने कहा कि आईआरजीसी ने मर्चेंट को अपने कमांडर कासिम सोलेमानी की मौत का बदला लेने भेजा था। अमेरिकी वकील जोसेफ नोसेला जूनियर के मुताबिक अब वह कभी हमले की योजना नहीं बना पाएगा।

आपको बता दें कि सोलेमानी जनवरी 2020 में इराक की राजधानी बगदाद के पास अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए थे, तब ट्रंप पहले कार्यकाल में थे। तब से ईरान बदले की धमकी देता रहा है। उसी साल नवंबर 2024 में अमेरिकी न्याय विभाग ने एक और ईरानी साजिश का खुलासा किया था, जिसमें आईआरजीसी से जुड़े फरहाद शकेरी पर ट्रंप की निगरानी का काम सौंपे जाने का आरोप लगा। मर्चेंट की गिरफ्तारी के एक दिन बाद पेंसिल्वेनिया के बटलर में ट्रंप की रैली पर गोलीबारी हुई थी, पर जांच एजेंसियों ने दोनों मामलों में कोई संबंध नहीं पाया।