
Miami Airport Plane Crash : मियामी। अमरीका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को लैंडिंग के दौरान अमेजन प्राइम एयर का कार्गो विमान रनवे से आगे निकलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। विमान ने रनवे से बाहर निकलने के बाद जमीन पर मौजूद कई वाहनों को भी टक्कर मार दी।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, प्राइम एयर फ्लाइट 7598 दोपहर करीब 2 बजे ईडीटी (भारतीय समयानुसार सोमवार तड़के) मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तिरछे रनवे पर उतर रही थी। इसी दौरान विमान रनवे से बाहर निकल गया और कई वाहनों से जा टकराया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और घटनास्थल पर धुआं फैल गया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मियामी-डेड फायर चीफ रे जदल्लाह ने बताया कि हादसे के बाद कम से कम दो लोग उन वाहनों में फंस गए, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी थी। वहीं विमान के अंदर पायलट और को-पायलट भी फंस गए थे। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान से देर शाम तक ईंधन का रिसाव जारी था, जिसके चलते राहत एवं बचाव अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरती गई।
मियामी-डेड फायर रेस्क्यू के अनुसार, हादसे के बाद 60 से अधिक यूनिट और 200 से ज्यादा कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया। विभाग ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर विमान आग की लपटों से घिरा हुआ था और भारी मात्रा में धुआं उठ रहा था।
फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस के मुताबिक, सैन जुआन (प्यूर्टो रिको) से उड़ान भरने वाला यह विमान 32 साल पुराना बोइंग 767-300 फ्रीटर था। हादसे के समय रनवे से बाहर जाते वक्त विमान की रफ्तार करीब 112 नॉट्स (129 मील प्रति घंटा) दर्ज की गई। यह विमान अमेजन के लिए 21 एयर एयरलाइन द्वारा संचालित किया जा रहा था।
हादसे के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में विमान एयरपोर्ट के बाहर सड़क पर आड़ा पड़ा नजर आया। विमान के मलबे से काला धुआं उठता दिखाई दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं।
अमरीका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच के लिए टीम भेज दी है। जांच टीम का नेतृत्व एनटीएसबी की चेयरवुमन जेनिफर होमेंडी कर रही हैं। एजेंसी सोमवार को मियामी में हादसे को लेकर पहली मीडिया ब्रीफिंग कर सकती है।
अमेजन की प्रवक्ता केली नैंटल ने कहा कि कंपनी हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और स्थानीय प्रशासन तथा अधिकारियों के साथ मिलकर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कंपनी की प्राथमिकता हादसे में शामिल सभी लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल है। बोइंग और 21 एयर ने भी सरकारी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।