विदेश

अमेरिका ने चाइनीज़ भाषा वाले स्कैम हब पर लगाया प्रतिबंध

अमेरिका ने चाइनीज़ भाषा वाले स्कैम हब पर प्रतिबंध लगा दिया है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
Sep 09, 2026
Chinese scammer
चाइनीज़ स्कैमर (Representational Photo)

अमेरिका (United States of America) ने चाइनीज़ भाषा वाले Xinbi Guarantee मार्केटप्लेस पर प्रतिबंध लगा दिया। यह चाइनीज़ भाषा का एक प्लेटफ़ॉर्म है जिसे स्कैम हब (Scam Hub) बताया जा रहा है। इस पर आरोप है कि यह एक बड़ा गैर-कानूनी बाज़ार चलाता है जो अमेरिकियों को निशाना बनाने वाले साइबर स्कैम, वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग में मदद करता है। डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया (वाशिंगटन डीसी) के लिए अमेरिका की अटॉर्नी जीनिन पिरो (Jeanine Pirro) ने इसकी घोषणा की।

एक्शन में बेसेंट

ट्रेज़री डिपार्टमेंट के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) ने दो अन्य कंपनियों को भी चिह्नित किया है, जिन्होंने कथित तौर पर Xinbi Guarantee के कामकाज के लिए ज़रूरी डिजिटल करेंसी, टेक्नोलॉजी और अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई थीं। ट्रेज़री सेक्रेटरी (वित्त मंत्री) स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent) ने कहा, "दक्षिण-पूर्व एशिया में मौजूद स्कैम सेंटर हर साल अमेरिकी लोगों से कई बिलियन डॉलर चुराते हैं। ट्रंप प्रशासन इन विदेशी आपराधिक संगठनों को खत्म करने की कोशिशों में एकजुट है और ट्रेज़री डिपार्टमेंट इस गंभीर धोखाधड़ी के पीछे के नेटवर्क को तोड़ने और अमेरिकियों की सुरक्षा के लिए अपने साधनों का इस्तेमाल करना जारी रखेगा।"

हैकर्स ने किया इस्तेमाल

चाइनीज़ भाषा वाला यह स्कैम हब कथित तौर पर स्कैम करने वालों, मनी-लॉन्ड्रिंग नेटवर्क और साइबर अपराध गिरोहों को एस्क्रो सेवाएं (लेन-देन सुरक्षित करने वाली सेवा) देता है। जानकारी के अनुसार इसका इस्तेमाल हैकर्स और OFAC द्वारा पहले प्रतिबंधित कई संस्थाओं ने किया है। ट्रेज़री डिपार्टमेंट ने बताया कि 2022 के आसपास शुरू होने के बाद से इस स्कैम हब ने डिजिटल एसेट्स और पारंपरिक करेंसी में कई बिलियन डॉलर से ज़्यादा का लेन-देन किया है, जिसमें मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में लेन-देन की सुविधा दी गई है।

दो अन्य कंपनियों पर भी लगाया प्रतिबंध

ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल ने सिंगापुर स्थित SafeW Technology Co. Ltd. और कंबोडिया स्थित Anwen Technology Co. Ltd. पर भी प्रतिबंध लगा दिया। कानून प्रवर्तन एजेंसियों की बढ़ती निगरानी के बीच जून 2025 के आसपास Xinbi ने अपने व्यापारी और मनी-लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को SafeW पर ले जाना शुरू कर दिया, जो एक प्राइवेट एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप है। प्लेटफॉर्म ने खरीदारों और विक्रेताओं को अपनी गतिविधियों के तालमेल के लिए SafeW का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया। Xinbi ने XinbiPay (जिसे NewPay वॉलेट के नाम से जाना जाता है) भी लॉन्च किया, जो Anwen द्वारा विकसित एक क्रिप्टोकरेंसी पेमेंट और डिजिटल वॉलेट ऐप है। स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने एक अलग बयान में कहा, "ट्रंप प्रशासन खतरनाक आपराधिक नेटवर्क को अमेरिकी लोगों को शिकार नहीं बनाने देगा। साइबर क्राइम, धोखाधड़ी और लोगों को ठगने वाली योजनाओं का अब यहीं अंत होगा।" चिह्नित संस्थाओं की अमेरिका में मौजूद सभी संपत्तियों और हितों पर अब रोक लगा दी गई है और इसकी जानकारी ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स को देनी होगी। जिन संस्थाओं में एक या उससे ज़्यादा प्रतिबंधित लोगों की कम से कम 50% हिस्सेदारी है, उन पर भी ये पाबंदियाँ लागू होंगी।

Updated on:
09 Sept 2026 09:56 pm
Published on:
09 Sept 2026 09:56 pm