विदेश

अजरबैजान और तुर्किए का पाकिस्तान को साथ देना पड़ा भारी, भारतीय टूरिस्टों की संख्या में आई भारी कमी

अजरबैजान और तुर्किए जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में भारी कमी आई है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का खुलकर साथ देने पर उन्हें यह खामियाजा भुगतना पड़ा है। पढ़ें पूरी खबर...

3 min read
Oct 19, 2025
भारतीय टूरिस्ट (फोटो-IANS)

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान (Pakistan) का खुलकर साथ देने वाले देश अजरबैजान (Azerbaijan) और तुर्किए (Turkey) को तगड़ा झटका लगा है। दोनों देशों में जाने वाले भारतीय पर्यटकों में भारी कमी आई है। मई और अगस्त महीने में भारत से अजरबैजान जाने वाले पर्यटकों की संख्या में 56 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि तुर्किए जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या 33.3 फीसदी कम हुई है। दोनों ही देश बीते कुछ सालों में भारतीय पर्यटकों के लिए पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहे थे।

ये भी पढ़ें

भारत समेत इन देशों के लाखों नागरिक जॉब करने UAE नहीं जा सकेंगे, अमेरिका के बाद यहां भी नौक​री मुश्किल

भारतीय पर्यटकों का बदला रुझान

कई ट्रेवल बुकिंग्स पोर्टल रिपोर्ट किया कि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय पर्यटकों के रुझानों में बदलाव आने लगा। पर्यटकों ने बुकिंग कैंसिल की। इक्सिगो और कॉक्स एंड किंग्स जैसे कुछ भारतीय ट्रैवल सर्विस प्रोवाइडर्स ने भी तुर्किए और अजरबैजान के लिए फ्लाइट और होटल बुकिंग देना बंद कर दिया, जबकि कुछ दूसरे ने भारतीयों को इन देशों में जाने से मना किया।

मेक माय ट्रिप ने ऑपरेशन सिंदूर के एक हफ्ते बाद 14 मई को कहा कि भारतीय यात्रियों ने अपनी भावनाएं जाहिर की है। अजरबैजान और तुर्किए के लिए बुकिंग 60 फीसदी कम हो गई है, 250 फीसदी कैंसलेशन बढ़ गए हैं। ट्रेवल बुकिंग पोर्टल ने कहा कि अपनी सेना के लिए गहरे सम्मान के कारण, हम इस भावना का पूरा समर्थन करते हैं और सभी को अजरबैजान और तुर्किए की गैर-जरूरी यात्रा न करने की सलाह देते हैं। हमने इन दोनों जगहों पर टूरिज्म को हतोत्साहित करने के लिए अपने प्लेटफॉर्म पर सभी प्रमोशन और ऑफ़र पहले ही बंद कर दिए हैं।

क्या कहता है अजरबैजान के टूरिज्म बोर्ड का डेटा?

अजरबैजान टूरिज्म बोर्ड के आकंड़े के अनुसार, बीते कुछ सालों में भारतीय पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ी थी। जनवरी से अप्रैल महीने के बीच में भारतीय पर्यटकों की संख्या में 33 फीसदी का इजाफा हुआ, लेकिन अगले चार महीनों में 56 फीसदी की गिरावट देखी गई। मई से अगस्त के बीच अजरबैजान जाने वाले पर्यटकों की संख्या 44 हजार पर आ गई। जबकि, साल 2024 में मई से अगस्त के बीच 1 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक अजरबैजान पहुंचे थे।

अजरबैजान टूरिज्म बोर्ड ने भारत को “अजरबैजान में टूरिज्म सेक्टर के लिए एक मुख्य टारगेट मार्केट” बताया था। साथ ही, भारत को उसके टॉप पांच टूरिज्म सोर्स मार्केट में गिना गया था, लेकिन अगस्त में अजरबैजान आने वाले विजिटर्स की संख्या के मामले में भारत ग्यारहवें स्थान पर था। अगस्त में भारत से सिर्फ 6,032 लोग अजरबैजान गए, जो पिछले साल अगस्त में आए 21,137 विजिटर्स से लगभग 72 प्रतिशत कम है। इससे पहले, देश में आने वाले भारतीयों की संख्या 2023 में 1.17 लाख से दोगुनी से ज्यादा बढ़कर 2024 में 2.44 लाख हो गई थी। वहीं, साल 2022 में 60 हजार से अधिक भारतीय अजरबैजान घूमने के लिए गए थे।

क्या कहता है तुर्किए पर्यटन मंत्रालय का डेटा

तुर्किए के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के डेटा के अनुसार, मई-अगस्त 2025 के बीच 90 हजार भारतीय पर्यटक तुर्किए पहुंचे थे, जबकि पिछले साल इन्हीं चार महीनों के दौरान पर्यटकों की संख्या करीब 1.36 लाख थी। पूरे साल 2024 में 3.31 लाख भारतीय नागरिकों ने तुर्किए की यात्रा की, जो 2023 की तुलना में लगभग 21 परसेंट ज्यादा है। साल 2023 में 2.32 लाख पर्यटक तुर्किए गए थे।

Updated on:
19 Oct 2025 11:36 am
Published on:
19 Oct 2025 11:32 am
Also Read
View All

अगली खबर