विदेश

शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बढ़ा तनाव, पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव समेत 3 गिरफ्तार

KM Shakhawat Moon Arrested: बांग्लादेश में शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव केएम शखावत मून समेत तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं। हसीना की संभावित वापसी से पहले कई जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 4:01 PM IST
Sheikh Hasina news
शेख हसीना (Photo - ANI)

Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव केएम शखावत मून समेत तीन लोगों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मून को ढाका के धनमंडी-27 इलाके से हिरासत में लिया गया। उनके साथ पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और आयकर वकील सूफी मोहम्मद अल मामून को भी गिरफ्तार किया गया है।

छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मून, हुसैन और मामून को ढाका के धनमंडी इलाके में जातीयताबादी छात्र दल (JCD) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पकड़ा था। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। JCD, बांग्लादेश की सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) का छात्र संगठन है। मोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन के ड्यूटी अधिकारी सब-इंस्पेक्टर मसूदुर रहमान ने बताया कि पुलिस तीनों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

हसीना की संभावित वापसी से पहले सुरक्षा बढ़ाई गई

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच BNP के नेतृत्व वाली सरकार ने कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीमा सुरक्षा बल की 108 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें से 56 प्लाटून शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में तैनात हैं। हाल के हफ्तों में बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं। ट्रेनों, बसों और बैंकों को निशाना बनाकर आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं। ये घटनाएं अगले महीने शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चा के बीच हुई हैं।

हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटने पर बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। पुलिस ने हाल की हिंसक घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन की अपील

बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन कार्यक्रम का प्रचार कर रही है। इससे आने वाले दिनों में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बुधवार को गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि अवामी लीग को बांग्लादेश में कभी भी राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने पार्टी को 'फासीवादी और माफिया ताकत' बताते हुए जुलाई 2024 के आंदोलन के दौरान हुई सामूहिक हत्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराया।

Updated on:
26 Nov 2026, 4:01 PM IST
Published on: