विदेश

हज से पहले सऊदी अरब का बड़ा एक्शन, भारत-पाक समेत 14 देशों के वीजा पर लगाई रोक, वजह आई सामने

Saudi Arabia Visa Ban: सऊदी अरब सरकार के इस कदम का उद्देश्य बिना उचित रजिस्ट्रेशन के हज में शामिल होने वाले लोगों को रोकना है, क्योंकि पिछले साल 2024 में भीड़ और गर्मी के कारण 1,200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। 

2 min read
Apr 07, 2025

Hajj 2025: सऊदी अरब ने हज 2025 से पहले बड़ा एक्शन लिया है। सऊदी अरब ने भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश सहित 14 देशों के लिए उमराह, व्यापार और पारिवारिक वीजा पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध जून 2025 के मध्य तक लागू रहेगा, जो हज तीर्थयात्रा के समापन के साथ समाप्त होगा। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक यह अस्थायी रोक हज के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और बिना रजिस्ट्रेशन हज करने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों को रोकने के प्रयासों के बीच लगाया गया है।

2024 में 1200 से अधिक लोगों की हुई थी मौत

सऊदी अरब सरकार के इस कदम का उद्देश्य बिना उचित रजिस्ट्रेशन के हज में शामिल होने वाले लोगों को रोकना है, क्योंकि पिछले साल 2024 में भीड़ और गर्मी के कारण 1,200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। 

नियम तोड़ने पर 5 साल का लगेगा बैन

सऊदी अरब सरकार ने सख्त चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों पर 5 साल तक प्रवेश प्रतिबंध लग सकता है। सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अधिकारियों को वीजा बढ़ाने के निर्देश दिए है। संशोधित नियमों के अनुसार इस साल उमराह वीजा जारी करने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल 2025 है। इसके अलावा, हज समाप्त होने तक कोई नया उमराह वीज़ा जारी नहीं किया जाएगा।

इन देशों के वीजा पर लगाई अस्थायी रोक

सऊदी अरब ने जिन 14 देशों के वीजा पर अस्थायी रोक लगाई है। उसमें- भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, जॉर्डन, अल्जीरिया, सूडान, मिस्त्र, इंडोनेशिया, इराक, इथियोपिया, ट्यूनिशिया, यमन, नाइजीरिया और मोरक्को है। वहीं सऊदी अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और कानूनी तीर्थयात्रा प्रक्रियाओं के बारे में शिक्षित करने और मदद करने के लिए 16 भाषाओं में एक डिजिटल हज और उमराह गाइड भी जारी किया है।

यात्रा नियमों को आसान बनाने के लिए लगाया बैन

14 देशों के अस्थायी वीजा पर रोक लगाने के बाद सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह अस्थायी रोक यात्रा नियमों को आसान बनाने के लिए लगाया गया है। इससे हज करने आने वाले लोगों की सुरक्षा बेहतर होगी और उनकी यात्रा आरामदायक होगी।

2025 के लिए भारत को हज यात्रियों के लिए 1,75,025 का कोटा आवंटित किया गया है। यह संख्या भारत और सऊदी अरब के बीच हज समझौते के तहत तय की गई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इस बार वास्तव में कितने यात्री जाएंगे, क्योंकि यह कोटा पूरा होने, आवेदनों की संख्या, और अन्य प्रशासनिक कारकों पर निर्भर करता है।

Published on:
07 Apr 2025 06:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर