विदेश

बेंजामिन नेतन्याहू का डुप्लीकेट हुआ वायरल, ईरान में बेचता है मिठाइयाँ और ड्राईफ्रूट्स

Benjamin Netanyahu Lookalike: ईरान में बेंजामिन नेतन्याहू का डुप्लीकेट वायरल हो गया है। क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 7:51 PM IST
Benjamin Netanyahu Lookaline
बेंजामिन नेतन्याहू का डुप्लीकेट शख्स (Photo - Video Screenshot from @RT_com)

इज़रायल (Israel) के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) को कौन नहीं जानता? वह सुर्ख़ियों में बने रहते हैं, लेकिन अब उनकी तरह दिखने वाला एक शख्स सुर्ख़ियों में आ गया है। हम बात कर रहे हैं नेतन्याहू के डुप्लीकेट की, जो बिल्कुल इज़रायली पीएम की तरह दिखता है। सिर्फ चेहरा ही नहीं, बल्कि उसके बाल और हाव-भाव भी नेतन्याहू की तरह ही हैं, जिसकी वजह से वह इंटरनेट पर वायरल हो गया है।

कौन है नेतन्याहू का डुप्लीकेट?

नेतन्याहू के डुप्लीकेट शख्स का नाम अब्बास गदेरी (Abbas Ghaderi) बताया जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वह ईरान (Iran) की राजधानी तेहरान में रहता है और दुकान चलाता है, जहाँ वह मिठाइयाँ और ड्राई-फ्रूट्स बेचता है। उसका वीडियो तेज़ी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स तो मज़ाक भी बना रहे हैं कि नेतन्याहू ने राजनीति छोड़कर ईरान में मिठाइयाँ और ड्राई-फ्रूट्स बेचने शुरू कर दिए हैं। जब उससे इस बारे में मज़ाकिया अंदाज़ में पूछा गया कि वह सत्ता छोड़कर एक दुकान के काउंटर के पीछे कैसे आ गया तो उसने भी मज़ाक में कहा कि वह इज़रायल छोड़कर इसलिए चला आया क्योंकि उसे सैलरी नहीं दी जा रही थी।

बहिष्कार का भी करना पड़ रहा है सामना

नेतन्याहू के जैसा दिखने की वजह से जहाँ अब्बास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग जमकर मज़ाक बना रहे हैं, तो वहीँ कई लोग ईरान और इज़रायल के बीच तनावपूर्ण संबंधों की वजह से अब्बास की दुकान का बहिष्कार करने की अपील भी कर रहे हैं। तुर्की मीडिया की रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इससे अब्बास की दुकान का कारोबार प्रभावित हुआ और वह निराश है।

नहीं हुई है पुष्टि

नेतन्याहू का डुप्लीकेट होने की वजह से अब्बास की दुकान के बहिष्कार के ये दावे स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हुए हैं। यह वीडियो कब बनाया गया और तेहरान में अब्बास की दुकान कहाँ है, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि देखने में यह वीडियो सही लग रहा है, न कि एआई की मदद से बनाया गया, लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।