विदेश

हिज़बुल्लाह पर तेज़ होंगे इज़रायली हमले, पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने दिया सेना को आदेश

Israel-Hezbollah War: हिज़बुल्लाह के खिलाफ जंग में इज़रायल की सेना लगातार लेबनान पर हमले कर रही है। अब इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी सेना को हमले तेज़ करने का आदेश दिया है।
2 min read
May 26, 2026
Benjamin Netanyahu
Benjamin Netanyahu (Photo - Washington Post)

इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के बीच सीज़फायर का कोई फायदा नहीं दिख रहा है, क्योंकि इज़रायली सेना लगातार साउथ लेबनान में हमले कर रही है। इज़रायली हमलों की वजह से 2 मार्च से अब तक लेबनान में 3,000 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और 9,000 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) को भी इन हमलों से काफी नुकसान हुआ है। इसी बीच अब इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने अपनी सेना को एक बड़ा आदेश दे दिया है।

हिज़बुल्लाह पर तेज़ होंगे इज़रायली हमले

नेतन्याहू ने अपनी सेना से हिज़बुल्लाह पर हमले तेज़ करने के लिए कह दिया है। नेतन्याहू ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा, "हम हिज़बुल्लाह के साथ युद्ध में हैं। पिछले कुछ हफ्तों में ही हमारे बहादुर सैनिकों ने 600 से ज़्यादा आतंकियों को मार गिराया है। आप सभी को यह पता होना चाहिए…600 से ज़्यादा आतंकी। लेकिन हम अपनी कार्रवाई में ढिलाई नहीं बरत रहे हैं। बल्कि मैंने तो इज़रायली सेना को और भी ज़्यादा तेज़ी से कार्रवाई करने को कहा है। हम उन पर हमला करेंगे और करते रहेंगे।"

हिज़बुल्लाह कर रहा है इज़रायल पर ड्रोन्स से हमले

इज़रायल पर हिज़बुल्लाह के ड्रोन्स से हमलों पर भी नेतन्याहू ने प्रतिक्रिया जाहिर की। नेतन्याहू ने कहा, "यह सच है कि वो हम पर ड्रोन से हमला कर रहे हैं और इन हमलों के लिए एफपीवी ड्रोन्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारी एक स्पेशल टीम इस पर काम कर रही है और हम इसका भी समाधान निकालेंगे।" आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हिज़बुल्लाह के आतंकी साउथ लेबनान में इज़रायली सेना पर और नॉर्थ इज़रायल में ड्रोन्स से हमले कर रहे हैं।

सीज़फायर का नहीं हो रहा फायदा

16 अप्रैल को पहली बार दोनों देशों में 10 दिन के सीज़फायर पर सहमति बनी थी, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ और इज़रायल ने इस दौरान भी हमले नहीं रोके। इसकी डेडलाइन खत्म होने के बाद सीज़फायर को 3 हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया था, लेकिन इज़रायल के हमले जारी रहे। 15 मई को एक बार फिर दोनों देशों के बीच 45 दिन के सीज़फायर की सहमति बनी, लेकिन इसके बावजूद इज़रायली हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे। इज़रायली हमलों की वजह से लेबनान में हाहाकार मचा हुआ है।

Updated on:
26 May 2026 09:51 am
Published on:
26 May 2026 09:47 am