विदेश

Germany Berlin Pride Parade: बर्लिन प्राइड परेड में घुसी कार, एक की मौत, 17 लोग घायल; चालक की तलाश जारी

Berlin Pride Incident: जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) प्राइड कार्यक्रम के दौरान भीड़ में कार घुस जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद चालक फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था या प्राइड कार्यक्रम को निशाना बनाकर किया गया हमला। बर्लिन के मेयर ने घटना की निंदा करते हुए इसे खुले और स्वतंत्र समाज पर हमला बताया।
2 min read
Jul 26, 2026
Berlin Pride Parade
फोटो - (X/@MarioNawfal)

Pride Event Germany: जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनिवार रात आयोजित वार्षिक क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) प्राइड कार्यक्रम के दौरान एक कार भीड़ में घुस गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। डॉयचे वेले (DW) की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिला, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। जर्मन पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी या प्राइड कार्यक्रम को निशाना बनाया गया था। बर्लिन पुलिस के प्रवक्ता फ्लोरियन नाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, 'हमें सूचना मिली कि एक वाहन टियरगार्टन पार्क क्षेत्र में घुस गया और उसने कई लोगों को टक्कर मार दी।'

घटना के बाद बर्लिन के मध्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को तैनात किया गया। जांच एजेंसियां फरार चालक की तलाश कर रही हैं। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, 'हम संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।'

17 घायलों में कई की हालत गंभीर

बर्लिन पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल हुए 17 लोगों में से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ितों के परिजनों की मदद के लिए एक सूचना केंद्र भी बनाया गया है। घटना के कुछ ही देर बाद बर्लिन के मेयर काई वेगनर ने इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे शहर के मूल्यों और खुले समाज पर हमला बताया।

काई वेगनर ने एक्स पर लिखा, 'यह हमारे स्वतंत्र और खुले समाज पर हमला है। सहिष्णु और शांतिपूर्ण बर्लिन की इस सभा पर बेहद क्रूर तरीके से हमला किया गया। बर्लिन आजादी का शहर है और आज हमारी आजादी पर सबसे भयावह तरीके से हमला हुआ है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और मित्रों के साथ हैं। मैं उन आपातकालीन सेवाओं का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर हरसंभव मदद की। मुझे भरोसा है कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की तेजी से जांच करेंगी।'

यह हादसा उस समय हुआ, जब बर्लिन में सहिष्णुता और विविधता के समर्थन में आयोजित प्राइड कार्यक्रम में लाखों लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम का समापन ब्रांडेनबर्ग गेट के पास संगीत समारोह के साथ होना था।

Updated on:
26 Jul 2026 07:18 am
Published on:
26 Jul 2026 07:13 am