
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने खुलासा किया कि ईरान से जुड़ी जान से मारने की धमकियों के बाद उन्हें अपना वॉशिंगटन स्थित आवास छोड़कर सैन्य अड्डे पर रहना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि वे डरने वाले नहीं हैं। उनका तर्क है कि उनके और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ मिल रही धमकियां इस बात का सबूत हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर आर्थिक शिकंजा कसने की रणनीति कारगर साबित हो रही है। उन्होंने ईरान से कहा कि वह डरने वालों में से नहीं हैं।
सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में बेसेंट ने बताया कि धमकियां सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि ट्रंप कैबिनेट के अन्य सदस्यों को भी दी जा रही हैं। उन्होंने इन धमकियों को ईरान के खिलाफ अमेरिका के आर्थिक अभियान "ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट" से जोड़ा और कहा कि इस मुहिम से ईरान को नुकसान पहुंचने लगा है।
बेसेंट ने कहा कि ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) बढ़ते आर्थिक दबाव बेचैन है। उन्होंने कहा कि हमारे काम की वजह से IRGC चौतरफा घिरा हुआ जानवर बन गया है।
गौरतलब बात यह है कि अगस्त से ही बेसेंट ईरान के खिलाफ ट्रम्प प्रशासन के आर्थिक दबाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। रॉयटर्स के अनुसार, 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' में मध्य पूर्व के उन वित्तीय संस्थानों और सेवाओं पर प्रतिबंध लगाना शामिल है, जो तेहरान के साथ लेन-देन में मदद करते हैं। इस अभियान और ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी का मकसद ईरान पर दबाव डालना है, ताकि वह जहाजों पर हमले बंद करे और 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को फिर से खोल दे। ये सुरक्षा चिंताएं, ईरान द्वारा हमलों की योजना बनाने के बारे में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की व्यापक चेतावनियों के बीच सामने आई हैं। पिछले महीने रॉयटर्स द्वारा देखे गए एक मेमो में, ट्रम्प प्रशासन के एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी ने चेतावनी दी थी कि अमेरिकी कर्मियों और नागरिकों के खिलाफ ईरान की साजिशें एक एडवांस स्टेज तक पहुंच चुकी हैं।