
Quetta Attack: बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने गुरुवार को एक वीडियो जारी किया। इसमें पिछले महीने क्वेटा के पास पाकिस्तानी सेना की दो चौकियों पर उसके लड़ाकों द्वारा की गई योजना और हमलों को दिखाया गया है। BLA के मीडिया चैनल 'हक्कल' द्वारा जारी 12 मिनट 55 सेकंड के इस वीडियो में बलूच लड़ाकों को हमले से पहले एक मॉडल तैयार करते और योजना के बारे में जानकारी देते हुए दिखाया गया है।
'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, "फुटेज में लड़ाकों को रॉकेट लॉन्चर और अन्य हथियारों से गोलीबारी करते, चौकियों में से एक में घुसते और उस जगह पर आगे बढ़ते हुए दिखाया गया है। इसमें सैन्य संपत्ति को जलते हुए दिखाया गया है, जबकि लड़ाकों को हथियार, गोला-बारूद और अन्य उपकरण इकट्ठा करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों के शव भी दिखाए गए।"
'द बलूचिस्तान पोस्ट' ने आगे कहा, "31 जुलाई के हमलों के बाद BLA ने कहा कि उसके लड़ाकों ने 14 पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को मार गिराया, दो चौकियों पर कब्जा किया और हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और अन्य सैन्य सामान जब्त किया। समूह ने कहा कि वली थंगी में नौ और स्पिन कारेज में पांच सैनिक मारे गए। उसने यह भी कहा कि ऑपरेशन के दौरान उसके दो लड़ाके मीर आलम कियाजई उर्फ सलमान और नूर अहमद सुमलानी उर्फ नोटक मारे गए।"
BLA के प्रवक्ता जीयांद बलूच द्वारा जारी एक बयान में समूह ने बलूचिस्तान भर में पाकिस्तानी बलों को निशाना बनाकर किए गए 38 ऑपरेशनों की जिम्मेदारी ली है। इन ऑपरेशनों में 32 से ज्यादा सैन्य कर्मियों और ऑपरेटिव्स की मौत हुई और दर्जनों अन्य घायल हुए।
इसमें बताया गया कि ये हमले 1 और 8 अगस्त के बीच किए गए। प्रवक्ता ने कहा कि समूह ने पाकिस्तानी सैन्य काफिलों, वाहनों, कैंपों और पैदल गश्त करने वाले दलों के साथ-साथ व्यापार मार्गों, पुलों, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, पुलिस चौकियों और खनिज व अन्य सामान ले जाने वाले वाहनों को निशाना बनाया।
बयान के अनुसार, BLA लड़ाकों ने ऑपरेशनों के दौरान कई पाकिस्तानी बख्तरबंद और सैन्य वाहनों, एक क्वाडकॉप्टर, पुलों और एक रेलवे ट्रैक को नष्ट कर दिया। समूह ने आगे दावा किया कि सैन्य उपकरण जब्त किए गए और उसकी हिरासत में मौजूद एक पाकिस्तानी सैन्य खुफिया ऑपरेटिव को मार दिया गया।