विदेश

पाकिस्तान में भीषण धमाका, 11 पुलिसकर्मियों की मौत और 30 घायल

Pakistan Blast: पाकिस्तान में आज भीषण धमाके का मामला सामने आया है। इस घटना में 11 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Blast
पाकिस्तान में धमाका (File Photo)

पाकिस्तान (Pakistan) में बढ़ रहे आतंकवाद की वजह से देश में आए दिन ही धमाकों के मामले सामने आते रहते हैं। इसी तरह का एक मामला आज, शनिवार, 26 सितंबर को खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में सामने आया, जब डेरा इस्माइल खान (Dera Ismail Khan) जिले में एक पुलिस चेकपॉइंट पर एक आत्मघाती हमलावर ने धमाका कर दिया। वह विस्फोटक से लदे वाहन में था और उसने पुलिस चेकपॉइंट में इसे घुसा दिया, जिससे जोर का धमाका हुआ। इस धमाके में अमन मेला पुलिस चेकपॉइंट पूरी तरह से तबाह हो गया।

11 लोगों की हुई मौत

इस आत्मघाती धमाके में 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। पहले मरने वालों की संख्या 7 बताई जा रही थी, जो कुछ देर बाद ही बढ़ गई। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

30 पुलिसकर्मी घायल

इस आत्मघाती धमाके में 30 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

टीटीपी ने ली ज़िम्मेदारी

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehrik-i-Taliban Pakistan aka TTP) ने इस आत्मघाती धमाके की ज़िम्मेदारी ली है। टीटीपी अक्सर ही खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमलों को अंजाम देता है। यह प्रांत अफगानिस्तान (Afghanistan) की बॉर्डर से लगता है और पाकिस्तान में आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित प्रांत है। टीटीपी को अफगान तालिबान (Taliban) का भी समर्थन प्राप्त है।

तालिबान ने दी थी धमकी

कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान ने आधी रात के बाद अफगानिस्तान में 10 जगह एयरस्ट्राइक्स की थी! इन एयरस्ट्राइक्स में 4 लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई! पाकिस्तान की इस कार्रवाई के बाद अफगानिस्तान के साथ तनाव और बढ़ गया, जिसके बाद तालिबान ने जवाबी कार्रवाई करने की धमकी दी थी! इसके बाद तालिबान लड़ाकों ने बॉर्डर पर भी हमले की कोशिश की थी, जिसे पाकिस्तानी सेना ने नाकाम कर दिया था, लेकिन आज अफगानिस्तान बॉर्डर से लगते पाकिस्तानी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में हुए इस धमाके में पुलिस चेकपॉइंट को निशाना बनाना इस बात की ओर इशारा करता है कि यह पाकिस्तान के हमले के जवाब में किया गया हमला हो सकता है।