
पूर्व बांग्लादेशी पीएम शेख हसीना (Sheikh Hasina) की संभावित वापसी की अटकलों के बीच बांग्लादेश (Bangladesh) में तनाव बढ़ गया है। इसी बीच अब ढाका में एयरपोर्ट के पास बम धमाके से हड़कंप मच गया है। ढाका में हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो देसी बम फटने के मामले सामने आए हैं।
ढाका में हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुए इस धमाके की वजह से 3 लोग घायल हो गए। तीनों पैदल यात्री थे जो वहीँ से गुज़र रहे थे। घायलों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि पहला बम एयरपोर्ट के बाहरी गेट के पास फटा, जबकि दूसरा बम पास के जसीमउद्दीन इलाके में फ्लाईओवर कनेक्टर्स के नज़दीक हुआ।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि अज्ञात उपद्रवियों ने फ्लाईओवर से ये बम फेंके थे। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। ये बम धमाके ऐसे समय पर हुए हैं जब बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी की कई घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने इनमें से कई घटनाओं के लिए प्रतिबंधित अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को ज़िम्मेदार ठहराया है। हालांकि एयरपोर्ट के पास हुए धमाकों का शेख हसीना की वापसी से कोई कनेक्शन सामने नहीं आया है, लेकिन यह अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि शेख हसीना की वापसी से पहले देश में तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के चलते 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को अपनी बहन शेख रेहाना (Sheikh Rehana) के साथ बांग्लादेश छोड़ना पड़ा और वह भारत (India) आ गई थीं। तभी से वह भारत सरकार की शरण में रह रही हैं। शेख हसीना ने कुछ दिन पहले दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नए पासपोर्ट और पहचान पत्र का अनुरोध किया और बताया कि वह देश वापस लौटना चाहती हैं। हालांकि उनके अनुरोध के कुछ ही घंटों बाद बांग्लादेश सरकार की तरफ से उसे खारिज कर दिया गया। इसके साथ ही बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी दोहराई। 2024 में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान मानवता के विरुद्ध अपराधों के लिए शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सज़ा सुनाई गई थी। ऐसे में अगर वह बांग्लादेश वापस लौटी, तो उनके पास सज़ा-ए-मौत से बचने का ऑप्शन नहीं होगा।