
काबुल: अफगानिस्तान की राजधनी काबुल आज दोपहर बम धमाकों से दहल गई । हमले में अभी तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह बम धमाका पश्चिमी काबुल में एक में शिया मस्जिद के पास हुआ। यहां काफी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। ये लोग पर्शियन नववर्ष के त्यौहार नवरोज का जश्न मनाने के लिए इकट्ठे हुए थे।
शिया दरगाह के पास हुआ हादसा
अफगानिस्तान अधिकारियों के मुताबिक, अली अबाद हॉस्पिटल और काबुल यूनिवर्सिटी के पास बुधवार दोपहर धमाका हुआ है। अभी तक विस्फोट के कारणों का सटीक पता नहीं लगाया जा सका है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ धमाका एक कार में हुआ जबकि एक अफगान अधिकारी के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर पैदल ही भीड़ भाड़ वाले अली आबाद इलाके में घुस गया और खुद को उड़ा दिया। धमाके के बाद काबुल यूनिवर्सिटी की तरफ जाने वाले सारे रास्तों को बंद कर दिया गया है । काबुल सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता वहीद मजरोह ने बताया कि विस्फोट घायलों का शहर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जहां बम बिस्फोट हुआ है वहां शिया सम्प्रदाय की एक दरगाह भी स्थित है। हालांकि बम धमाके में दरगाह सुरक्षित है ।
अशांति का गढ़ बनता जा रहा काबुल
इस धमाके के बाद एक बार फिर काबुल शहर में क़ानून और व्यवस्था को लेकर प्रश्न खड़े हो गए हैं। अफगानिस्तान सरकार का कहना है की वह देश में शन्ति स्थापित करने को लेकर प्रयासरत है और इसके लिए वह तालिबान से बात चीत करने को भी तैयार है। उसकी इस मुहिम में उसे भारत सहित कुछ और देशों का भी साथ मिल रहा है । जबकि अमरीका तालिबान से किसी भी बातचीत का विरोध करता आया है।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
इस धमाके में मृतकों की संख्या बढ़ने के आसार है। अफगानिस्तान मीडिया टोलो न्यूज के अनुसार कार में हुए धमाके बाद अफरा तफरी मच गई । दर्जनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया और कई अन्य बुरी तरह जख्मी हो गए। फिलहाल किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस बीच अफगानिस्तान में जड़ें जमा चुके आतंकी संगठन तालिबान ने कहा है कि इस धमाके में उनकी कोई भूमिका नहीं है।