विदेश

China News: चीन के बंदरगाह पर मालवाहक जहाज में भीषण आग, 20 लोगों की मौत, 5 अब भी लापता

China Ship Accident: चीन के चिंगदाओ बंदरगाह पर मरम्मत के लिए खड़े मालवाहक जहाज में आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई और पांच लापता हैं। शी जिनपिंग ने बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
2 min read
Sep 10, 2026
China Cargo Ship Fire news
चीन के बंदरगाह पर मालवाहक जहाज में भीषण आग(फोटो-X/@Frontlinestory)

China Cargo Ship Fire: चीन के एक प्रमुख बंदरगाह पर खड़े मालवाहक जहाज में आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। चीनी सरकारी मीडिया ने गुरुवार को हादसे की जानकारी दी। घटना के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ द्वारा जारी तस्वीर में जहाज की पहचान 'ओशन मेलोडी' के तौर पर की गई है। सार्वजनिक जहाज ट्रैकिंग वेबसाइट वेसलफाइंडर के मुताबिक, यह जहाज लाइबेरिया के झंडे के तहत संचालित होता है।

जहाज में सवार थे 42 लोग

हादसे के समय जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे। इनमें से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जहाज चीन के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित प्रमुख शिपिंग हब चिंगदाओ के बंदरगाह में मरम्मत के लिए खड़ा था। जहाज बेइहाई शिपबिल्डिंग कंपनी में मरम्मत के लिए डॉक किया गया था। इसी दौरान उसमें आग लग गई। हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच अन्य लोगों की तलाश जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। जहाज में लगी आग पर स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे काबू पा लिया गया। हादसे के वक्त जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे, जिनमें से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एपी ने शिन्हुआ के हवाले से बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।

शी जिनपिंग ने दिए बचाव अभियान तेज करने के निर्देश

हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने और बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, राष्ट्रपति की ओर से जारी निर्देशों में हताहतों की संख्या का कोई जिक्र नहीं किया गया। घटना के कारणों और आग लगने की परिस्थितियों को लेकर फिलहाल चीनी अधिकारियों की ओर से डिटेल जानकारी सामने नहीं आई है।

भारत दौरे से पहले हादसे ने खींचा ध्यान

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा करीब सात साल बाद उनकी भारत यात्रा होगी।

Updated on:
10 Sept 2026 05:34 pm
Published on:
10 Sept 2026 05:05 pm