
भारत आएंगे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग(फोटो-ANI)
Xi Jinping: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में रहेंगे। इस दौरान वह BRICS Summit में भाग लेंगे। भारत में होने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में BRICS देशों के बीच सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। शी जिनपिंग की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और चीन के संबंधों पर पूरी दुनिया की नजर है। सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच संभावित बातचीत को भी अहम माना जा रहा है।
चीनी विदेश मंत्रालय ने शी जिनपिंग की भारत यात्रा की पुष्टि कर दी है। मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर चीन के राष्ट्रपति 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। मंत्रालय की ओर से फिलहाल शी जिनपिंग के भारत दौरे का डिटेल कार्यक्रम शेयर नहीं किया गया है। हालांकि, इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना जताई जा रही है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत का दौरा करेंगे। इससे पहले वह 2019 में भारत आए थे। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात तमिलनाडु के मामल्लपुरम में हुई थी। यह एक अनौपचारिक शिखर बैठक थी, जिसमें दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की थी।इससे पहले शी जिनपिंग 2016 में गोवा में हुए BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे थे। सितंबर 2014 में उन्होंने पहली बार भारत का दौरा किया था। उस दौरान भी उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक बातचीत हुई थी।
शी जिनपिंग का यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब भारत और चीन अपने रिश्तों में लंबे समय से चले आ रहे तनाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। सीमा विवाद के बाद दोनों देशों के संबंधों में काफी उतार-चढ़ाव आया है। पिछले कुछ समय में दोनों पक्षों के बीच रिश्तों को पटरी पर लाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर बातचीत हुई है। ऐसे में BRICS सम्मेलन के दौरान नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात पर खास नजर रहेगी। दोनों नेताओं की बातचीत से भारत-चीन संबंधों की आगे की दिशा को लेकर अहम संकेत मिल सकते हैं।
Updated on:
10 Sept 2026 04:22 pm
Published on:
10 Sept 2026 03:58 pm
