
चीन की राजधानी बीजिंग में बड़ा हादसा हुआ है। एक छोटा ट्रेनिंग विमान शहर की सबसे ऊंची इमारत चाइना जुन (सीआईटीआईसी टावर) से टकरा गया है। इस हादसे के बाद विमान पूरी तरह से टूटकर, सडकों पर बिखर गया है।
हादसे के बाद विमान का मलबा इमारत के पूर्वी गेट के पास गिरा, जहां आग भी लग गई। यह भयावह घटना सुबह की बताई जा रही है, तब लोग अपने काम पर निकल रहे थे।
यह छोटा विमान सुनवर्ड SA60L ऑरोरा मॉडल है, जो शुआंगयुए जनरल एविएशन बीजिंग कंपनी का था। स्थानीय लोग बताते हैं कि देखते ही देखते विमान इमारत से टकराया और फट गया। इसके बाद आसपास धुआं और मलबा बिखर गया।
इमारत में काम करने वाले सैकड़ों लोग तुरंत बाहर निकाले गए। अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है। फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
चाइना जुन टावर बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत है। 528 मीटर ऊंची यह बिल्डिंग न सिर्फ ऑफिस बल्कि लैंडमार्क भी मानी जाती है। रोज हजारों लोग यहां काम करते हैं। इतनी बड़ी इमारत में विमान टकराने की घटना किसी फिल्मी सीन जैसी लग रही है, लेकिन यह हकीकत है।
यह विमान जनरल एविएशन के लिए इस्तेमाल होता था। कंपनी मुख्य रूप से ट्रेनिंग और छोटी उड़ानों के लिए जाना जाती है। अभी पायलट की पहचान और हादसे का कारण पता नहीं चला है।
मौसम ठीक था या कोई तकनीकी खराबी थी, यह जांच का विषय है। चीनी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
लोग इमारत से दूर भागते नजर आए। एक स्थानीय दुकानदार ने बताया- अचानक जोरदार धमाका हुआ। पहले लगा कोई भूकंप आ गया है। फिर धुआं उठता दिखा।
सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। उधर, विशेषज्ञ कह रहे हैं कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल और जनरल एविएशन नियमों की समीक्षा जरूरी है।