22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / World / सड़क हादसे में साथी की मौत, फिर रैटलस्नेक ने दिया 7 बच्चों को जन्म; अब टोरंटो चिड़ियाघर बचाएगा दुर्लभ वंश

सड़क हादसे में साथी की मौत, फिर रैटलस्नेक ने दिया 7 बच्चों को जन्म; अब टोरंटो चिड़ियाघर बचाएगा दुर्लभ वंश

Snake: कनाडा में सड़क हादसे में नर रैटलस्नेक गोर्डो की मौत हो गई थी। उसकी साथी एशले ने सात बच्चों को जन्म दिया है। टोरंटो चिड़ियाघर अब इनकी मदद से दुर्लभ प्रजाति की वंशावली बचाने में जुटा है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pratiksha Gupta

•

Updated: 23 Nov 2026, 12:00 AM IST

Gordo Rattlesnake

लुप्तप्राय सांप ने सड़क पर अपने साथी की मौत के बाद सात बच्चों को दिया जन्म (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Rare Snake Species: कनाडा में एक सड़क हादसे में नर रैटलस्नेक की मौत हो गई, लेकिन उसकी दुर्लभ वंशावली को बचाने की उम्मीद अब भी बाकी है। मौत से पहले उसका मादा सांप के साथ प्रजनन हो चुका था। कुछ महीनों बाद मादा ने सात बच्चों को जन्म दिया। अब टोरंटो चिड़ियाघर में इन नन्हे सांपों की देखभाल की जा रही है। बड़े होने पर इन्हें जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि तेजी से घटती इस प्रजाति की आबादी को बचाया जा सके।

सड़क पर एक हादसा और फिर उम्मीद की नई किरण

कनाडा के ओंटारियो में वहां पहले से ही 'ईस्टर्न मसासॉगा रैटलस्नेक' प्रजाति के सांप बहुत कम बचे हैं। ऐसे में जब एक नर सांप सड़क पार करते समय गाड़ी की चपेट में आ गया, तो लगा कि इस इलाके से यह प्रजाति पूरी तरह खत्म हो जाएगी। लेकिन हादसे से कुछ समय पहले ही यह नर सांप एक मादा रैटलस्नेक के साथ प्रजनन कर चुका था। इसका नतीजा यह हुआ कि मादा सांप ने सात बच्चों को जन्म दिया। अब इन नन्हे सांपों की देखभाल टोरंटो चिड़ियाघर में की जा रही है, ताकि बड़े होने पर इन्हें वापस जंगल में छोड़ा जा सके।

कौन था गोर्डो और क्यों खास था वह?

जिस नर सांप की सड़क पर मौत हुई, उसका नाम गोर्डो था। उसे रैटलस्नेक की संख्या बढ़ाने के एक खास अभियान के तहत चिड़ियाघर में बड़ा करके जंगल में छोड़ा गया था। खास बात यह थी कि गोर्डो की जड़ें उसी जमीन से जुड़ी थी। उसके पुरखों का नाता करीब 25 साल पहले लासाल में बचाए गए सांपों से था। सितंबर 2025 में मैटचेट रोड पर उसका शव मिला। जांच में सामने आया कि सड़क पार करते वक्त कोई वाहन उससे टकरा गया था। उसके शरीर में लगे छोटे ट्रांसमीटर की मदद से टीम ने पहचान की कि वह गोर्डो ही है, क्योंकि इसी डिवाइस से जंगल में उसकी हरकत पर नजर रखी जा रही थी। इलाके के हालात पहले से नाजुक हैं। ओजिबवे प्रेयरी रेप्टाइल रिकवरी प्रोग्राम संभालने वाले जीवविज्ञानी जोनाथन चोकेट ने सीबीसी न्यूज को बताया कि विंडसर-एसेक्स में इस प्रजाति के सांप 10 से भी कम हो सकते हैं। ऐसे में गोर्डो का जाना वाकई चिंता बढ़ाने वाला था।

एक्स-रे में दिखा राज और चिड़ियाघर में जन्मे 7 बच्चे

गोर्डो के जाने के बाद संरक्षण टीम को यह तो पता था कि उसका मादा सांप एशले के साथ मिलन हुआ था, लेकिन यह पक्का नहीं था कि आगे कोई बच्चा आएगा या नहीं। कई महीनों तक इसी असमंजस के बीच काम चलता रहा। साल 2026 की शुरुआत में एशले को उसका ट्रांसमीटर बदलने के लिए टोरंटो चिड़ियाघर लाया गया। वहीं एक्स-रे जांच हुई तो टीम को बड़ी खबर मिली एशले के पेट में अंडे मौजूद थे।

इस प्रजाति के सांपों का तरीका भी जरा अलग होता है। ये अंडे देने के बाद बाहर से सेने के बजाय मां के शरीर के भीतर ही अंडों को विकसित करते हैं और वहीं से बच्चे बाहर आते हैं, फिर मादा सीधे बच्चों को जन्म देती है। इस साल वसंत की शुरुआत में एशले ने सात बच्चों को जन्म दिया। फिलहाल ये सभी चिड़ियाघर की निगरानी में पल रहे हैं और ताकतवर होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि जंगल में टिक सकें।

स्थानीय नस्ल के लिए क्यों अहम हैं ये नन्हे सांप

विशेषज्ञों का मानना है कि ये सात बच्चे सिर्फ गिनती बढ़ाने के लिए नहीं हैं, बल्कि इनके भीतर उस खास इलाके की पुरानी आनुवंशिक पहचान बसी है। जोनाथन चोकेट के अनुसार, इन बच्चों में ओजिबवे क्षेत्र की विरासत जुड़ी हुई है, इसलिए इनका स्वस्थ रहना और बड़े होकर जंगल लौटना स्थानीय आबादी को बचाए रखने के लिए बहुत जरूरी माना जा रहा है।