H-1B Visa Restrictions: अमरीका में एच-1बी वीजा को लेकर सख्ती की कोशिशों के बीच एक नए शोध ने इस बहस को नया मोड़ दे दिया है। शोध के अनुसार, विदेशी उच्च कुशल पेशेवरों की नियुक्ति पर पाबंदियां लगाने से केवल प्रवासी कर्मचारियों के अवसर ही प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि अमरीकी नागरिकों की नौकरियों पर भी इसका असर पड़ सकता है। कैटो इंस्टीट्यूट की ओर से प्रकाशित शोध में हेज फंड कंपनियों के कामकाज और एच-1बी वीजा के जरिए होने वाली नियुक्तियों का विश्लेषण किया गया। इसमें सामने आया कि जिन कंपनियों को वीजा लॉटरी में अधिक सफलता मिली, उनका निवेश प्रदर्शन बेहतर रहा। ऐसी कंपनियों ने कम सफलता पाने वाली कंपनियों की तुलना में सालाना जोखिम-समायोजित रिटर्न में 3.28 प्रतिशत अंक बेहतर प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी कुशल कर्मचारी कंपनियों की उत्पादकता और विस्तार में योगदान देते हैं। इससे वित्त, प्रशासन और अन्य सहयोगी क्षेत्रों में भी रोजगार की मांग बढ़ सकती है।