
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच चल रही जंग में दोनों पक्ष ही झुकने के लिए तैयार नहीं हैं। इस वजह से दोनों देशों के बीच डील पर सहमति नहीं बन पा रही है। होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) पर भी ईरान और अमेरिका के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच अब ईरान की मदद के लिए चीन (China) उसके समर्थन में आया है।
अमेरिका के खिलाफ ईरान के अधिकारों की रक्षा करने के लिए चीन तैयार है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी (Wang Yi) ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) के बीज़िंग दौरे के दौरान उनसे मुलाकात की और कहा है कि ईरान के साथ बातचीत और सहयोग को मज़बूत करने और ईरान के जायज़ अधिकारों और हितों की रक्षा करने के लिए चीन पूरी तरह से तैयार है। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच आज, बुधवार, 16 सितंबर को मुलाकात हुई।
चीन का कहना है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की सैन्य कार्रवाई से मिडिल ईस्ट के मौजूदा सुरक्षा ढांचे की कमियाँ सामने आ गई हैं। यह पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें सुधार और इसे मज़बूत करने की ज़रूरत है।
अराघची से मुलाकात के दौरान चीन के विदेश मंत्री यी ने ईरान और अमेरिका को को समझदारी और संयम बरतने का संदेश दिया। यी ने कहा, "हम सभी पक्षों से आग्रह करते हैं कि वो होर्मुज स्ट्रेट को जल्द से जल्द फिर से खोलने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। चीन नहीं चाहता कि क्षेत्रीय तनाव यमन और लाल सागर तक और ज़्यादा फैले।
यी ने अराघची से यह भी कहा कि ईरान और अमेरिका को अब तक बनी सहमति के आधार पर बातचीत की प्रक्रिया को फिर से शुरू करना चाहिए। उनके अनुसार दोनों देशों के बीच युद्ध के स्थायी अंत और शांति की स्थापना के लिए बातचीत काफी ज़रूरी है। इसी से युद्धविराम संभव है।