
वॉशिंगटन। एआई चिप्स की दुनिया की अग्रणी कंपनी एनवीडिया ने सोमवार को घोषणा की कि जेनसन हुआंग तत्काल प्रभाव से फिर कंपनी का प्रेसिडेंट, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का सदस्य नियुक्त कर दिया है। कंपनी के निदेश मंडल ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है। इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसन हुआंग के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि NVIDIA के निदेशक मंडल ने जेनसन हुआंग को सीईओ के पद पर वापस लाने का सही और उचित फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि के लिए NVIDIA में हुआंग का नेतृत्व जरूरी है।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि देश को NVIDIA में जेनसन हुआंग के नेतृत्व की आवश्यकता है। इससे न केवल कंपनी को फायदा होगा, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि भी सुनिश्चित होगी।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि जेनसन हुआंग की NVIDIA में वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा पैदा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे यह साबित हो कि हुआंग ने कोई गैरकानूनी काम किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जेनसन हुआंग की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। वे एक सच्चे देशभक्त और देश अमूल्य निधि हैं। ट्रंप ने NVIDIA को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों के अनुपालन को लेकर अपनी आंतरिक जांच जारी रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह अपने कानूनी दायित्वों और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रही है। जेनसन हुआंग, NVIDIA के निदेशक मंडल, अमेरिका की जनता और पूरी दुनिया को बधाई।
एनवीडिया बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि बोर्ड का मानना है कि जेनसन हुआंग ही कंपनी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं और उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, भागीदारों और ग्राहकों के सर्वोत्तम हित में है। उन्होंने अंतरिम सीईओ के रूप में काम संभालने वाली कोलेट क्रेस की भी सराहना की, जो आगे भी कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहेंगी।
वहीं, अपनी वापसी पर जेनसन हुआंग ने कहा कि वह दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक का फिर से नेतृत्व करने का अवसर मिलने पर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इसे "नई औद्योगिक क्रांति" की शुरुआत का दौर बताते हुए कहा कि वह पूरी विनम्रता और नई प्रतिबद्धता के साथ काम पर लौट रहे हैं। उन्होंने बोर्ड, कर्मचारियों, शेयरधारकों, उद्योग जगत के नेताओं और वैश्विक साझेदारों का समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।