विदेश

ट्रंप ने ईरान पर हमले का फैसला 2027 तक टाला, पुतिन-जिनपिंग से मुलाकात के बाद यूरोपीय सहयोगियों से भी यूक्रेन पर की बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वे इस साल ईरान के खिलाफ किसी नए सैन्य हमले की जल्दबाजी में नहीं हैं और 2027 की शुरुआत के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लेंगे।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 6:51 AM IST
Donald Trump news
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो-- ANI)

Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह फिलहाल ईरान के खिलाफ किसी भी नई सैन्य कार्रवाई को रोक रहे हैं। चीन की यात्रा से अमेरिका लौटते समय समाचार वेबसाइट एक्सिओस के साथ फोन पर बातचीत में, ट्रम्प ने कहा कि उन्हें ईरान के संबंध में कोई भी फैसला लेने की कोई जल्दबाजी नहीं है और वह 2027 की शुरुआत के बाद ही भविष्य के कदमों पर विचार करेंगे। रॉयटर्स के साथ एक अलग साक्षात्कार में भी उन्होंने कुछ ऐसी ही बात कही और बताया कि इस मामले पर नए साल की शुरुआत के बाद ही विचार किया जाएगा।

ईरान पर हमले के विकल्पों पर विचार कर रहा था अमेरिका

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। वॉशिंगटन ईरान पर आर्थिक दबाव और नौसैनिक नाकेबंदी बनाए रखने के साथ इजरायल के सहयोग से नए सैन्य हमलों की संभावना पर भी विचार कर रहा था। पिछले हफ्ते ट्रंप ने संकेत दिया था कि ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान की संभावना बहुत कम है। हालांकि एक्सिओस की एक रिपोर्ट के अनुसार, वह अभी भी इजरायल के साथ मिलकर एक संयुक्त सैन्य अभियान चलाने के विकल्प पर विचार कर रहे थे।

रिपोर्ट में ऐसे हमलों के संभावित लक्ष्यों का जिक्र किया गया है, जिनमें ईरान की संदिग्ध परमाणु सुविधाएं, जैसे कि पिकाक्स माउंटेन स्थित साइट के साथ-साथ पुल, बिजली संयंत्र और ईरान का सैन्य व नागरिक नेतृत्व शामिल हैं। व्हाइट हाउस ने पेंटागन और खुफिया एजेंसियों से यह आकलन करने को भी कहा था कि विभिन्न सैन्य हमलों की स्थिति में ईरान किस तरह की जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

पुतिन और जिनपिंग से मुलाकात के बाद यूरोपीय नेताओं से ट्रंप की बातचीत

ईरान के अलावा यूक्रेन युद्ध को लेकर भी ट्रंप की कूटनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। चीन में APEC शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बर्लिन में बैठक कर रहे अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ फोन पर बातचीत की और यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा की।

एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बर्लिन में बैठक कर रहे उन यूरोपीय सहयोगियों से फोन पर बात की, जो कोएलिशन ऑफ द विलिंग का हिस्सा थे। हालांकि, कुशनर ने यह नहीं बताया कि यूरोपीय नेताओं और ट्रंप के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई।

Updated on:
20 Nov 2026, 6:51 AM IST
Published on: