Trump's Big Decision: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी करीबी माने जाने वाली पैम बोंडी को अटॉर्नी जनरल पद से हटा दिया है।
ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध (War Against Iran) के बीच ही अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अचानक से एक बड़ा फैसला लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पैम बोंडी (Pam Bondi) को अमेरिका के अटॉर्नी जनरल पद से हटा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए इस बारे में जानकारी दी। गौरतलब है कि बोंडी को ट्रंप की करीबी माना जाता था और इसी वजह से उन्हें कानून प्रवर्तन एजेंसी, न्याय विभाग के प्रमुख के तौर पर नियुक्त किया गया था।
ट्रंप ने बोंडी के बारे में सोशल मीडिया पर लिखा, "पैम बोंडी एक महान अमेरिकी देशभक्त और एक वफादार दोस्त हैं, जिन्होंने पिछले एक साल तक मेरी अटॉर्नी जनरल के रूप में देश की निष्ठापूर्वक सेवा की। पैम ने हमारे देशभर में अपराध पर लगाम लगाने के व्यापक अभियान की देखरेख में शानदार काम किया, जिसके परिणामस्वरूप हत्याओं का स्तर 1900 के बाद से सबसे निचले स्तर पर आ गया। हम पैम से बहुत प्यार करते हैं और वह जल्द ही निजी क्षेत्र में एक बहुत ही ज़रूरी और महत्वपूर्ण नए पद पर काम करने जा रही हैं, जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी। हमारे डिप्टी अटॉर्नी जनरल और एक बेहद प्रतिभाशाली और सम्मानित कानूनी विशेषज्ञ टॉड ब्लैंच (Todd Blanche) कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल के रूप में कार्यभार संभालेंगे।"
बताया जा रहा है कि बोंडी को अटॉर्नी जनरल पद से इसलिए हटाया गया क्योंकि ट्रंप उनसे नाराज़ हैं। इसकी मुख्य वजह एपस्टीन फाइल्स के मामले को संभालने में बोंडी की नाकामी रही, क्योंकि ट्रंप का नाम भी एपस्टीन फाइल्स में था, लेकिन बोंडी इस मामले को सही से नहीं संभाल सकी। ट्रंप ने बोंडी की कम्युनिकेशन स्किल्स की भी आलोचना की थी, क्योंकि वह चाहते थे कि अटॉर्नी जनरल के तौर पर बोंडी उनके राजनीतिक दुश्मनों के खिलाफ तेज़ी से मुकदमे चलाए, लेकिन बोंडी इसमें भी असफल रहीं।