विदेश

‘अमेरिकी अधिकारी को हाथ लगाया तो मिटा देंगे वजूद’, ईरान को ट्रंप की खुली धमकी; बोले- हमले से पीछे नहीं हटेंगे

US-Iran Tensions: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ईरान ने किसी अमेरिकी अधिकारी को निशाना बनाया तो अमेरिका इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया और होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा भी किया।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 6:32 AM IST
Iran, US-Iran Tensions
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी (Photo-IANS)

Trump Warning to Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान ने किसी भी अमेरिका के अधिकारी को निशाना बनाया तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों का अस्तित्व मिटा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि हालात बिगड़ने पर अमेरिका सैन्य कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगा।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बात Salem News Channel को दिए एक फोन इंटरव्यू में कही। इंटरव्यू के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि अगर ईरान अमेरिकी अधिकारियों, मसलन वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की हत्या करता है तो अमेरिका की प्रतिक्रिया क्या होगी? इस पर ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा- वे फिर अस्तित्व में नहीं रहेंगे।

दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान से जान का खतरा मिलने के बाद अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट इस सप्ताह की शुरुआत में वॉशिंगटन डीसी स्थित अपने आवास से एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर चले गए थे।

ईरान में मौजूदा सत्ता का बने रहना ट्रंप के लिए होगी हार

वहीं इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की मौजूदा सत्ता को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है। इंटरव्यू के दौरान ट्रंप से सवाल किया गया कि क्या उनके राष्ट्रपति पद छोड़ने तक ईरान में मौजूदा नेतृत्व का सत्ता में बने रहना उनकी नाकामी माना जाएगा? इस पर ट्रंप ने जवाब दिया- हां, बिल्कुल यह हार होगी। 

सैन्य कार्रवाई को लेकर कोई हिचकिचाहट नहीं

ईरान के खिलाफ आगे सैन्य कार्रवाई की संभावना के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका अपने सहयोगी देशों और समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। 

इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान को सहयोगी देशों और अमेरिकी जहाजों को परेशान करने से रोकने के लिए वह सैन्य ताकत का इस्तेमाल करने में हिचकिचाएंगे, तो उन्होंने कहा- बिल्कुल भी नहीं।

वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान में लगातार प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब संघर्ष शुरू होने से पहले की तुलना में अधिक तेल निकाल रहा है। हालांकि, उनके इस दावे के संदर्भ और तेल उत्पादन या निकासी के आंकड़ों को लेकर उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का दावा

वहीं इंटरव्यू के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी अमेरिका के पूर्ण नियंत्रण का दावा किया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के संदर्भ में हम खाड़ी को नियंत्रित करते हैं। हमारा इस पर पूरी तरह नियंत्रण है।

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि यदि हालात अमेरिका के पक्ष में नहीं रहे तो सैन्य कार्रवाई का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मुझे लगा कि चीजें दूसरी दिशा में जा रही हैं, तो मैं ऐसा करूंगा। संभव है कि मैं यह कदम अभी भी उठा सकता हूं।

Updated on:
13 Nov 2026, 6:32 AM IST
Published on: