विदेश

भारत, चीन समेत कई देशों पर नए टैरिफ लगा सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप

Donald Trump's New Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत, चीन समेत कई देशों पर नए टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 8:22 AM IST
Donald Trump
डोनाल्ड ट्रंप (Photo- ANI)

अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) एक बार फिर टैरिफ बम (Tariff Bomb) फोड़ने की तैयारी में हैं। अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में ही ट्रंप ने कई देशों पर टैरिफ लगाए थे। हालांकि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के टैरिफ को रद्द कर दिया था। हालांकि इसके बाद ट्रंप ने वैश्विक रूप से 10% टैरिफ इम्पोर्ट ड्यूटी के रूप में लागू कर दिया था। अब ट्रंप कई देशों पर नए टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं।

भारत, चीन समेत कई देशों पर नए टैरिफ लगा सकते हैं ट्रंप

ट्रंप कई देशों पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहे हैं। भारत (India), चीन (China), यूरोपीय संघ (EU) और कई अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदारों से आने वाले सामान पर भी अमेरिकी राष्ट्रपति नए टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार यह कदम औद्योगिक सब्सिडी और अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जांच के बाद उठाया जा सकता है। इन देशों में जापान, साउथ कोरिया, मैक्सिको, वियतनाम, ताइवान, थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया, स्विट्रज़लैंड, नॉर्वे, सिंगापुर, बांग्लादेश और कंबोडिया भी शामिल हैं। अमेरिका के अनुसार इन देशों की सरकारें घरेलू उद्योगों को सब्सिडी और अन्य सहायता देकर अतिरिक्त उत्पादन को बढ़ावा दे रही हैं। इससे इन देशों के सस्ते सामान ग्लोबल मार्केट में बड़ी मात्रा में आ जाते हैं और अमेरिकी कंपनियों की प्रतिस्पर्धा क्षमता पर असर पड़ता है।

अभी तक नहीं लगी है नए टैरिफ पर मुहर

ट्रंप नए टैरिफ कब लगाएंगे और इनकी दर क्या होगी, इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता। अमेरिकी राष्ट्रपति के नए टैरिफ पर अभी तक मुहर नहीं लगी है। ट्रंप का लक्ष्य नए टैरिफ के ज़रिए ग्लोबल मार्केट में अमेरिकी विनिर्माण को बढ़ाना है। कई देशों से अमेरिका के व्यापारिक संबंध हैं। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर अभी बातचीत चल रही है और इसके फ्रेमवर्क को अंतिम रूप देने पर काम चल रहा है। ऐसे में ट्रंप द्वारा किसी भी नए टैरिफ का असर ट्रेड डील पर भी पड़ सकता है। हालांकि दोनों देशों के बीच नए टैरिफ पर भी बातचीत होना तय है। भारत सरकार इस मुद्दे पर नजर रखे हुए है और बातचीत के ज़रिए इसका समाधान निकालने की कोशिश करेगी।