25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / World / अंग्रेज अफसर की पत्नी के साथ काबुल भाग गए थे बेनजीर के पड़दादा, भुट्टो खानदान पर ही आ गई थी शामत

अंग्रेज अफसर की पत्नी के साथ काबुल भाग गए थे बेनजीर के पड़दादा, भुट्टो खानदान पर ही आ गई थी शामत

मुर्तजा भुट्टो की यह प्रेम कहानी पाकिस्तान के इतिहास की ऐसी दास्तान है, जिसके बारे में बेनजीर भुट्टो ने अपनी आत्मकथा में जितना लिखा है, उससे ज्यादा दूसरे इतिहासकारों ने बताया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Vijay Kumar Jha

•

Updated: 25 Nov 2026, 7:32 AM IST

Benazir Bhutto

बेनजीर भुट्टो ने अपनी आत्मकथा डॉटर ऑफ ईस्ट में पिता के हवाले से दादा मुर्तजा भुट्टो की प्रेम कहानी का जिक्र किया। (फोटो सोर्स- विकिपीडिया/ANI)

पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो के पड़दादा और जुल्फिकार आली भुट्टो के दादा मीर मुर्तजा भुट्टो को एक अंग्रेज अफसर की बीवी से प्यार करना इतना भारी पड़ गया था कि उन्हें भाग कर काबुल में शरण लेनी पड़ी, कत्ल का इल्जाम झेलना पड़ा, घर जलवाना पड़ा, वेश बदल कर मजदूरी करनी पड़ी, बंबई-लाहौर से वकील बुलवाकर केस लड़ना पड़ा। लंबी लड़ाई के बाद किसी तरह वह खानदान की जायदाद बचाने में तो कामयाब हो गए थे, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद खुद जिंदा नहीं रह पाए।

बेनजीर भुट्टो ने अपनी आत्मकथा 'डॉटर ऑफ ईस्ट' में अपने पड़दादा गुलाम मुर्तजा भुट्टो की प्रेम कहानी का जिक्र किया है। यह कहानी उन्होंने अपने पिता जुल्फिकार भुट्टो के हवाले से बताई है।

ब्रिटिश महिला पर बुरी नजर डाली कैसे? पूछने वाले अफसर को मुर्तजा भुट्टो ने जड़ दिए थे कोड़े

बेनजीर ने लिखा है कि जवानी के दिनों में गुलाम मुर्तजा बड़े खूबसूरत थे। सिंध की सारी लड़कियां उन पर जान छिड़कती थीं। इनमें एक ब्रिटिश महिला भी थी। उस महिला के लिए मुर्तजा के दिल में भी प्यार पनप गया। ब्रिटिश सेना के अफसर कर्नल मेयहेव को इसकी भनक लगी। कर्नल ने फौरन मुर्तजा को बुलवा भेजा।

मुर्तजा को पेश किया गया। उन्हें अपने सामने देख कर्नल ने सवाल किया- ब्रिटिश महिला पर बुरी नजर डालने की तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई? यह कहते हुए कर्नल ने कोड़ा खींच लिया। वह मुर्तजा पर कोड़े बरसाने ही वाला था कि मुर्तजा ने कोड़ा झपट कर उल्टा उसी पर बरसा दिया। वह मदद के लिए चिल्लाया और एक मेज के नीचे दुबक गया। मुर्तजा अफसर के दफ्तर से निकल गए।

मुर्तजा की इस हरकत के बाद परिवार वालों और दोस्तों ने उन्हें कहीं भाग जाने की सलाह दी। उन्होंने सलाह पर अमल किया और लरकाना छोड़ दिया। जिद करके उनके साथ वह ब्रिटिश महिला भी चली गई। बताते हैं मुर्तजा भाग कर काबुल चले गए।

अंग्रेज अफसर ने बेनजीर के पड़दादा को अपनी बीवी के साथ रंगे हाथ पकड़ा था!

बेनजीर ने अपनी आत्मकथा में बहुत खुल कर नहीं लिखा है, लेकिन अमेरिकी इतिहासकार स्टैनले वोल्पर्ट ने 'जुल्फी भुट्टो ऑफ पाकिस्तान' में लिखा है कि मुर्तजा काबुल में इसलिए रह रहे थे क्योंकि उन्हें शिकारपुर का कलेक्टर और डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कर्नल अल्फ्रेड हेर्कुलस मेयहेव की पत्नी से प्यार हो गया था।

जुल्फिकार अली भुट्टो के पिता सर शाहनवाज़ भुट्टो ने मुर्तजा भुट्टो की प्रेम कहानी बयां करते हुए लिखा है कि कर्नल ने एक दिन बाहर जाने का बहाना बनाया और दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया था। इसके बाद वह किसी तरह बच कर भागे थे।

कर्नल ने बदला लेने के लिए लगवाया कत्ल का इंतजाम

स्टैनले वोल्पर्ट ने सर शाहनवाज के अप्रकाशित संस्मरणों के हवाले से लिखा है कि कर्नल अल्फ्रेड ने मुर्तजा भुट्टो की हरकत का बदला लेने की ठान ली थी। कुछ सालों तक तो वह शांत रहे, लेकिन बाद में मुर्तजा भुट्टो पर कत्ल का इल्जाम लगवा दिया। पहले सिंध के एक पुलिस इंस्पेक्टर शेर मोहम्मद शाह की हत्या की कोशिश का आरोप लगवाया। बाद में एक राजस्व अधिकारी राव जेरामदास की हत्या का आरोप लगवा दिया। इसके पुख्ता सबूत भी बनवा दिए गए। लंबी कानूनी लड़ाई चली। बंबई और लाहौर के बड़े वकील रखे गए। काफी खर्च हुआ। अंततः मुर्तजा बरी हो गए। पर, कर्नल ने हार नहीं मानी और बंबई में अपील की। तब पिता खुदा बख्श ने मुर्तजा भुट्टो को कहीं और चले जाने को कहा।

मुर्तजा पहले बहावलपुर गए। लेकिन, ब्रिटिश अफसरों को पता चल गया। तब वह काबुल चले गए। इधर, ब्रिटिश राज ने मुर्तजा को भगौड़ा करार दिया था। इस नाते भुट्टो खानदान की पूरी संपत्ति या तो सरकार ले लेती या फिर नष्ट कर दी जाती। मुर्तजा के बेटे सर शाहनवाज भुट्टो ने यह तबाही देखी थी। तब वह केवल आठ साल के थे, जब गढ़ी खुदा बख्श में उन्होंने अंग्रेजों द्वारा अपने घर को आग लगा कर जलाते देखा था।

अंग्रेज कमिश्नर के यहां वेश बदल कर की मजदूरी

शाहनवाज ने अपने संस्मरणों में लिखा है कि मुर्तजा भुट्टो ने मुकदमा लड़ने के लिए शुरुआत में अफगानिस्तान के अमीर से पैसे लिए। बाद में वह सिंध लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी नाव डूब गई। तब उन्होंने बहावलपुर का रुख किया। वहां उन्होंने पैसे तो जुटाए ही, सिख मजदूर का वेश धर कर सिंध के कमिश्नर इवान जेम्स के यहां मजदूरी करने लगे।

मुर्तजा के केस पर नजर रखने वाले बेनेट जोन्स ने लिखा है कि बंबई के कोर्ट में मीर मुर्तजा जीत गए थे। लेकिन, स्टैनले लिखते हैं कि 1899 में कर्नल अल्फ्रेड ने ही भुट्टो की जायदाद वापस कर दिए जाने के सिविल जज के आदेश पर दस्तखत किए थे। चाहे जैसे भी हो, भुट्टो परिवार को उसकी विरासत वापस मिली और खानदान तबाही से बच गया। लेकिन, मुर्तजा भुट्टो नहीं बच सके। कुछ ही समय बाद रहस्यमय हालात में उनकी मौत हो गई।