विदेश

ट्रंप ने लिया यू-टर्न, पोलैंड में भेजेंगे 5,000 अतिरिक्त सैनिक

Donald Trump Takes U-Turn: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।

2 min read
May 22, 2026
Donald Trump

अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अपने दूसरे कार्यकाल में अब तक कई बार यू-टर्न ले चुके हैं। अब ऐसा ही एक बार फिर देखने को मिला है। कुछ दिन पहले ही पेंटागन (Pentagon) ने कहा था कि पोलैंड (Poland) में करीब 4,000 अतिरिक्त सैनिकों की नियुक्ति को स्थगित कर दिया गया है। लेकिन अब ट्रंप ने इसके विपरीत फैसला लेते हुए एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है।

पोलैंड में भेजे जाएंगे 5,000 अतिरिक्त सैनिक

ट्रंप ने जानकारी दी है कि अमेरिका की तरफ से पोलैंड में 5,000 अतिरिक्त सैनिक भेजे जाएंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "पोलैंड के वर्तमान राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी (Karol Nawrocki) के सफल चुनाव के आधार पर, जिनका समर्थन करने पर मुझे गर्व था, और उनके साथ हमारे संबंधों को देखते हुए, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका पोलैंड में 5,000 अतिरिक्त सैनिक भेजेगा।"

वर्तमान में पोलैंड में कितने अमेरिकी सैनिक हैं तैनात?

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वर्तमान में यूरोप में लगभग 80,000 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं, जिनमें से लगभग 10,000 पोलैंड में हैं। 5,000 अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती से पोलैंड में अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 15,000 हो जाएगी। पोलैंड को अमेरिका का आदर्श सहयोगी मानते हुए यह फैसला लिया गया।

पहले क्यों हुई थी सैनिकों की तैनाती रद्द?

पेंटागन ने कुछ दिन पहले पोलैंड में अस्थायी रूप से अमेरिकी सैनिकों की तैनाती की योजना रद्द कर दी थी। तब अमेरिकी यूरोपीय कमान के प्रमुख को सैनिकों की संख्या में कमी के निर्देश प्राप्त हुए थे। यह बात अमेरिकी सेना के कार्यवाहक चीफ ऑफ स्टाफ क्रिस्टोफर लानेव (Christopher LaNeve) ने पिछले सप्ताह एक संसदीय सुनवाई में कही। उन्होंने यह भी बताया कि पोलैंड में सैनिकों की तैनाती रद्द करने का आदेश अमेरिकी युद्ध (रक्षा) मंत्री सचिव पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) के ऑफिस से आया था।

जर्मनी से वापस बुलाए सैनिक

पेंटागन ने कुछ समय पहले ही घोषणा कर दी थी कि अगले 6-12 महीनों में जर्मनी (Germany) से लगभग 5,000 अमेरिकी सैनिकों को वापस बुला लिया जाएगा। इसका मुख्य कारण जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ (Friedrich Merz) द्वारा ईरान युद्ध पर अमेरिका की आलोचना करना और नाटो सहयोगियों की तरफ से सहायता न करना है, जिससे ट्रंप नाराज़ हैं।

Also Read
View All