विदेश

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था- अब मारने की हमारी बारी है, बम धमाकों से गूंज उठा ईरान

US-Iran Conflict: ईरान में अमेरिकी हमलों के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हाल ही में US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था- उनको जो करना था कर लिया…अब मारने की बारी हमारी है।
2 min read
Jul 30, 2026
US-IRAN WAR UPDATE
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (सोर्स: ANI)

US-Iran War Latest Update: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के कई रिहायशी इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। भीषण हमले में केशम द्वीप पर एक घर मलबे में बदल गया। रेस्क्यू टीम लोगों को बचाने में जुटी है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने हाल ही में कहा था- अब मारने की हमारी बारी है।

घर पर हमला…मलबे से निकाले गए दो बच्चे

ईरान की सरकारी मीडिया IRIB ने बताया कि होर्मोजगान प्रांत के केशम द्वीप के चाह-टैंगो इलाके में एक रिहायशी घर पर हमला हुआ। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक मलबे के नीचे से दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, घर में पांच लोगों का परिवार मौजूद था। तीन अन्य सदस्यों की तलाश अभी भी जारी है। बचाव दल लगातार मलबा हटाने का काम कर रहा है।

धमाकों से गूंज उठा ईरान

सिर्फ केशम द्वीप ही नहीं! अमेरिकी सेना ने एयर स्ट्राइक में खुज़ेस्तान प्रांत के कई शहरों को भी निशाना बनाया।
इनमें अहवाज, अबादान, अरवंदकेनार और शादेगान शामिल हैं। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, अहवाज में सात से ज्यादा धमाकों की आवाजें सुनाई दी। बंदर अब्बास के आसपास भी दो धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा किश द्वीप, बौमुसी, केशम के समुद्री इलाके और होर्मुज स्ट्रेट में भी हलचल रही।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड का दावा

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया कि उसने ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कई सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले किए। इनमें मिसाइल और ड्रोन ठिकाने, सैन्य कमांड सेंटर, एयर डिफेन्स सिस्टम, राडार सिस्टम शामिल थीं।

अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से अमेरिकी सैनिकों पर मिसाइल हमले की कोशिश के जवाब में की गई। CENTCOM के मुताबिक, ईरान की सभी बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया। वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान को पहले से पता है कि आगे क्या होने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर और कड़ी कार्रवाई करेगा।