विदेश

अब इस देश को ट्रंप ने दे डाली खुली धमकी, कहा- अगर इस्लामी आतंकवादी ईसाइयों की हत्याएं करते रहे तो मैं…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया को कड़ी चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि यदि नाइजीरिया सरकार ईसाइयों पर इस्लामी आतंकवादियों के हमलों को रोकने में विफल रहती है, तो अमेरिका सभी सहायता तुरंत बंद कर देगा।
2 min read
Nov 02, 2025
US President Donald Trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो- एएनआई)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब नाइजीरिया को खुली धमकी दे डाली है। उन्होंने कहा कि अगर नाइजीरिया ईसाइयों की हत्याओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है, तो अमेरिका उसे दी जाने वाली सभी सहायता को तुरंत रोक देगा।

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने यह तक कह दिया कि अगर नाइजीरिया में इस्लामी आतंकवादी ईसाइयों की हत्याएं करते रहे, तो अमेरिका हमला भी कर देगा।

आतंकियों का सफाया करने की धमकी

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका नाइजीरिया में गोलीबारी करके उन सभी इस्लामी आतंकवादियों का पूरी तरह से सफाया कर देगा, जो ये भयानक अत्याचार कर रहे हैं।

इस बीच, ट्रंप ने अपने रक्षा विभाग को हमले की तैयारी करने का भी निर्देश दे दिया है। उन्होंने आगे कहा कि मैं अपने रक्षा विभाग को सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दे रहा हूं।

अगर हम हमला करेंगे, तो वह तेज, क्रूर और तीखा होगा, ठीक वैसे ही जैसे आतंकवादी हमारे प्रिय ईसाइयों पर हमला करते हैं। यह अभी एक तरह से चेतावनी है। इससे पहले हम कुछ करें नाइजीरियाई सरकार को जल्द ही कार्रवाई करनी चाहिए।

नाइजीरिया ने आरोपों से किया इनकार

उधर, नाइजीरिया के अधिकारियों ने इस बात से साफ इनकार किया है कि ईसाइयों को उनके देश में खासकर निशाना बनाया जा रहा है।

सूचना मंत्री मोहम्मद इदरीस ने बताया कि सामूहिक उत्पीड़न के दावे बहुत भ्रामक हैं। साथ ही, उन्होंने उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया, जिसमें हजारों लोगों के मारे जाने का दावा किया गया था।

ट्रंप बोले- नाइजीरिया में ईसाई धर्म का अस्तित्व खतरे में

इस बीच, ट्रंप ने नाइजीरिया को 'विशेष चिंता का देश' भी घोषित किया है। उन्होंने दावा किया है कि देश में ईसाई धर्म का अस्तित्व खतरे में है। नाइजीरिया में मुस्लिम और ईसाई समुदायों के बीच बड़े पैमाने पर हिंसा हो रही है।

ट्रंप ने नाइजीरिया में ईसाई अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के लिए 'कट्टरपंथी इस्लामियों' को दोषी ठहराया है। उन्होंने दो सांसदों, रिले मूर और टॉम कोल को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने तुरंत इस मुद्दे पर रिपोर्ट देने का अनुरोध किया है।

कत्लेआम पर कुछ तो किया ही जाना चाहिए- ट्रंप

ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि नाइजीरिया में हजारों ईसाई मारे जा रहे हैं। इस सामूहिक नरसंहार के लिए कट्टरपंथी इस्लामवादी जिम्मेदार हैं। मैं नाइजीरिया को एक 'विशेष चिंता का देश' घोषित करता हूं। लेकिन यह तो बहुत छोटी बात है। उन्होंने आगे लिखा कि जब ईसाइयों या ऐसे किसी भी समूह का कत्लेआम होता है तो कुछ तो किया ही जाना चाहिए।

Updated on:
02 Nov 2025 08:21 am
Published on:
02 Nov 2025 08:21 am