विदेश

डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी – होर्मुज स्ट्रेट में अगर ईरान ने किया जहाज पर हमला तो अमेरिका एक पुल या पावर प्लांट करेगा नष्ट

Iran-US Conflict: ईरान और अमेरिका के बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को बड़ी धमकी दे दी है।
2 min read
Jul 22, 2026
Donald Trump
डोनाल्ड ट्रंप (Photo - Washington Post)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिका ने लगातार पिछली 11 रात ईरान पर हमले किए हैं, जिसके जवाब में ईरान भी मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले कर रहा है। अमेरिकी हमलों में ईरान को नुकसान झेलना पड़ रहा है, लेकिन इसका बदला लेने के लिए ईरान भी मिडिल ईस्ट में कुवैत (Kuwait), बहरीन (Bahrain) और जॉर्डन (Jordan) जैसे देशों पर लगातार हमले करते हुए नुकसान पहुंचा रहा है। ईरान ने इस दौरान कतर (Qatar), इराक (Iraq) और सीरिया (Syria) में भी हमले किए हैं। ईरान और अमेरिका के हमलों की वजह से मिडिल ईस्ट में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। इसी बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है।

होर्मुज स्ट्रेट में अगर ईरान ने किया जहाज पर हमला तो…

ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "अब से जब भी ईरान की तरफ से होर्मुजस्ट्रेट में किसी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य उपकरण या हथियार से हमला किया जाएगा, तो अमेरिका एक पुल या पावर प्लांट पर बमबारी करके उसे नष्ट कर देगा। इनमें वो पुल और पावर प्लांट भी शामिल हैं जो ईरान की राजधानी तेहरान में या इसके आसपास हैं।"

ईरान का पलटवार

ट्रंप की धमकी पर ईरान ने भी पलटवार कर दिया है। ईरान की तरफ से ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया सामने आई है कि अगर अमेरिकी सेना ने ईरान में किसी पुल या पावर प्लांट को निशाना बनाया, तो ईरान भी बदले में मिडिल ईस्ट में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर और पुलों पर हमला करेगा, जिसमें एनर्जी से जुड़ी सुविधाएं भी शामिल हैं जिनमें अमेरिका की दिलचस्पी है।

नई बात नहीं है ट्रंप का धमकी देना

ट्रंप का किसी देश को धमकी देना नई बात नहीं है। ट्रंप अक्सर ही अलग-अलग देशों को धमकी देते रहते हैं। युद्ध के दौरान और इसके बाद भी ट्रंप ने कई बार ईरान को धमकी दी है। कुछ दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर ईरान को घातक हमले की धमकी दी है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी सेना जल्द ही ईरान के उस इलाके पर हमला करेगी, जहाँ परमाणु सेंट्रीफ्यूज होने की चर्चा है। ट्रंप ने कहा, "शायद बहुत जल्द अमेरिका, ईरान के उस ठिकाने पर हमला करेगा।" जब एक पत्रकार ने ट्रंप से सवाल किया कि क्या ईरान ने अपने सेंट्रीफ्यूज नतांज़ इलाके में पिकएक्स पर्वत पर पहुंचा दिए हैं, तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "वो इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते। आम तौर पर मैं ऐसा नहीं कहता। अगर मुझे लगता कि वो इसके बारे में कुछ कर सकते हैं, तो मैं कभी ऐसा नहीं कहता, लेकिन हम बहुत जल्द उस इलाके पर हमला करेंगे, और यह एक घातक हमला होगा।