लापरवाही से ड्राइविंग करना बेहद ही खतरनाक होता है और अक्सर ही ऐसा करने वालों को सबक भी मिल जाता है। एक BMW ड्राइवर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
कार सामान्य हो या लग्ज़री, सड़क पर लापरवाही की कोई जगह नहीं होती। तेज़ रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग अक्सर गंभीर हादसों की वजह बनती है। सोशल मीडिया पर आए दिन इस तरह के रोड एक्सीडेंट्स के वीडियो सामने आते हैं, जिनमें लोग अपनी गाड़ियों को खतरनाक तरीके से चलाते नजर आते हैं। ऐसा ही पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिला है, जिसमें एक शख्स की लापरवाही की वजह से उसे न भूलने वाला सबक मिल जाता है।
इस वीडियो में एक व्यक्ति अपनी लग्ज़री BMW सेडान को सड़क पर तेज़ और लापरवाही से चलाता दिखाई देता है। कार की स्पीड और ड्राइविंग स्टाइल देखकर साफ लगता है कि ड्राइवर वाहन पर पूरा नियंत्रण नहीं रख पा रहा है और उसकी कार लहराती हुई नज़र आती है।
कुछ ही पलों में ड्राइवर का कंट्रोल छूट जाता है और BMW लहराती हुई आगे बढ़ती है। इसी दौरान कार एक व्यक्ति को टक्कर मार देती है, जो उछलकर पास खड़ी एक महिला से जा टकराता है और जमीन पर गिर पड़ता है। इसके बाद BMW तेज रफ्तार में एक खंभे से जा भिड़ती है। टक्कर इतनी जोरदार होती है कि खंभा भी कार के ऊपर गिर जाता है।