विदेश

भूकंप ने मचाई तबाही, अफगानिस्तान में 250 लोगों की मौत और 500 से ज़्यादा घायल

Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने तबाही मचा दी है। इससे 250 लोगों की मौत हो गई है।
less than 1 minute read
Sep 01, 2025
Feature image

अफगानिस्तान (Afghanistan) में आधी रात बाद आए भूकंप (Earthquake) ने तबाही मचा दी है। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.0 दर्ज की गई। यह भूकंप नांगरहार (Nangarhar) प्रांत की राजधानी जलालाबाद (Jalalabad) जिले में आया और इसकी गहराई 8 किलोमीटर थी। कम गहराई होने की वजह से ही भूकंप के असर ज़्यादा रहा। भारतीय समयानुसार यह भूकंप 1 सितंबर को आधी रात के बाद 12 बजकर 47 मिनट पर आया और उस समय अफगानिस्तान में देर रात 11 बजकर 47 मिनट समय था और लोग सो रहे थे। अचानक आए इस भूकंप से हाहाकार मच गया।

250 लोगों की मौत

अफगानिस्तान के जलालाबाद जिले में आया भूकंप आसपास के कई इलाकों में महसूस किया गया। इस भूकंप की वजह से अब तक करीब 250 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोगों ने तो नींद में ही अपनी जान गंवा दी। तालिबान अधिकारियों के अनुसार मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

500 से ज़्यादा लोग घायल

जलालाबाद में आए इस भूकंप की वजह से 500 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

कई घर तबाह, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

भूकंप का असर जलालाबाद के कई गांवों पर पड़ा। इससे कई घर तबाह हो गए। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से इसमें परेशानी भी आ रही है।

भूकंप के बाद 5 आफ्टरशॉक्स

6.0 तीव्रता के भूकंप के बाद जलालाबाद और आसपास के कुछ इलाकों में सुबह तक 5 आफ्टरशॉक्स आ चुके हैं। भूकंप से प्रभावित हुए क्षेत्रों में अभी और आफ्टरशॉक्स आने की संभावना बनी हुई है।

Updated on:
01 Sept 2025 09:57 am
Published on:
01 Sept 2025 09:41 am