विदेश

मिस्र की ‘चोटी वाली महिला’ के रहस्य से हटा पर्दा, 3000 वर्ष पुरानी ममी का किया 3डी सीटी स्कैन

मिस्र की 3,000 साल पुरानी 'द ब्रेडेड लेडी' ममी का 3डी सीटी स्कैन हुआ। जांच में घिसे दांत, मसूड़ों की बीमारी और 'ओपनिंग ऑफ द माउथ' रस्म के संकेत मिले।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 7:10 AM IST
3,000-year-old mummy
3000 वर्ष पुरानी ममी (फोटो- मिस्र म्युजियम)

अमेरिका और कनाडा के शोधकर्ताओं ने 'द ब्रेडेड लेडी' (गुंथे हुए बाल वाली महिला) नाम की 3,000 साल से भी ज्यादा पुरानी मिस्र की एक ममी का रहस्य 3डी सीटी स्कैन के जरिए सुलझाया है। जांच में पता चला कि इस महिला के दांत काफी घिसे हुए थे, एक मोलर दांत (दाढ़) टूटा हुआ था और उसे मसूड़ों की बीमारी थी। यह सब प्राचीन मिस्र के उस दौर के खान-पान की वजह से था, जिसमें खाने में बहुत ज्यादा कठोर और धूल-कण होते थे। दांतों में अजीब बदलाव भी मिले, जो प्राचीन मिस्र की 'ओपनिंग ऑफ द माउथ' नाम की अंतिम संस्कार की रस्म से जुड़े हो सकते हैं। इस रस्म का मकसद मरने वाले की इंद्रियों को दोबारा जागृत करना था, ताकि वे परलोक में उनका इस्तेमाल कर सकें।

रस्म के अनुसार नहीं निकाले थे अंग

वैज्ञानिकों ने बिना ममी को खोल कर देखा कि उसके शरीर की हड्डियां और ऊतक बेहद अच्छी हालत में सुरक्षित हैं। पुराने तरीके के अनुसार उसके शरीर से सभी अंग नहीं निकाले गए थे, जो उस समय के किसी शाही परिवार की बजाय सामान्य या संभ्रांत वर्ग के लोगों में आम था। शोधकर्ताओं को यह जानने में भी मदद मिली है कि महिला का शरीर दुबला-पतला था। उसकी मृत्यु 35 से 50 वर्ष की आयु के बीच हुई थी।

'चिखती ममी' के भी खुले थे कई राज

इससे पहले शोधकर्ताओं ने एक चीखती महिला ममी की भी जांच की थी। 1935 में मिस्त्र के लक्सर शहर के पास मिली यह ममी करीब 3,500 साल पुरानी है। सीटी स्कैन के अनुसार, करीब 48 साल की उम्र में इस महिला की मृत्यु अत्यंत शारीरिक या भावनात्मक पीड़ा के कारण हुई थी। महिला ममी का मुंह चौड़ा खुला हुआ है, जिससे ऐसा लगता है कि वह दर्द से चीख रही है। उसके शव पर खजूर के रेशों की विग व सोने-चांदी की अंगूठियां थीं।

मृत्यु अभी बनी हुई है रहसय

इन शोध प्रगति के बावजूद महिला की मृत्यु का कारण एक रहस्य बना हुआ है। वैज्ञानिकों को न तो कोई घातक चोट मिली है और न ही बीमारी के कोई स्पष्ट लक्षण, जो तीन हजार साल से भी अधिक समय पहले उनकी मृत्यु का कारण बता सकें। इस महिला को सर्वप्रथम मिस्र में ममियों के एक भंडार के बीच पाया गया था। 1860 में इसे कनाडा लाया गया था।

Updated on:
17 Nov 2026, 7:10 AM IST
Published on: