
दुनिया के सबसे अमीर आदमी व टेस्ला, स्पेसएक्स व ट्विटर के मालिक एलन मस्क इंसानों के दिमाग में लगाने के लिए चिप बना रहे हैं। यह चिप एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक तैयार कर रही है, जो अगले 6 महीने के अंदर इंसानी दिमाग में चिप लगाकर ट्रायल शुरू करने वाली है। एलन मस्क ने कहा कि कंपनी को मानव मस्तिष्क में डिवाइस लगाने से पहले बेहद सावधान रहना होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पहले इंसानी दिमाग में चिप लगाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
न्यूरालिंक कंपनी की ओर से दावा किया गया कि इंसानों में ये चिप लगने के बाद कई प्रकार के रोगियों के लिए लाभदायक होगी। कंपनी का मानना है कि इस डिवाइस की मदद से लकवा से पीड़ित किसी भी व्यक्ति को फिर से ठीक किया जा सकेगा। इसके साथ ही भविष्य में कंपनी इंसानों की दृष्टि को भी बेहतर करने वाली टेक्नोलॉजी लाने का प्लान कर रही है।
इंसान सोचकर कह सकेगा अपनी बात
एलन मस्क का दावा है कि चिप लगने के बाद इंसानों को बात करने के लिए बोलना नहीं पड़ेगा। इंसान सोचकर भी अपनी बातों को कह सकेगा। इसके साथ ही इंसान कंप्यूटर से सीधे बात कर पाएगा। इससे पहले न्यूरालिंक कंपनी ने दावा किया था कि उसने एक बंदर के दिमाग में चिप को इंप्लांट किया है, जिसका वीडियो भी कंपनी ने 2021 में शेयर किया था।
किस व्यक्ति पर चिप लगाएगी एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक
एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक सबसे पहले ऐसे व्यक्ति पर चिप लगाने वाली है, जो अपनी मांसपेशियों को संचालित नहीं कर पाता है। एलन मस्क को विश्वास है कि "जिस व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूट गई है, उसके लिए पूरे शरीर की क्षमता को फिर से ठीक किया जा सकेगा।"
साल 2016 में शुरू हुई थी एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक
एलन मस्क की कंपनी साल 2016 में शुरू हुई थी,जो इम्प्लांटेबल ब्रेन-मशीन इंटरफेस बनाती है। कंपनी का मुख्यालय सैन फ्रांसिस्को में पायनियर बिल्डिंग में है। विकीपीडिया के अनुसार इस कंपनी में 90 कर्मचारी काम करते हैं। एमआईटी टेक्नोलॉजी रिव्यू सहित कई न्यूरोसाइंटिस्टों ने एलन मस्क की इंसानों के दिमाग में लगने वाली चिप की टेक्नोलॉजी के दावों की अलोचना की है।
यह भी पढ़ें: 6.20 लाख रुपए की ड्रेस पहन कर पार्टी में शामिल हुए एलन मस्क, फोटो हुई वायरल