
अमेरिका (United States of America) में 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव (Midterm Election) के नतीजे सामने आ गए हैं और वो ही हुआ जिसका सभी को अंदाजा था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की रिपब्लिकन पार्टी को डेमोक्रेटिक पार्टी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। कुछ सीटों पर अभी भी गिनती पूरी नहीं हुई है, लेकिन अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेज़ेन्टेटिव और सीनेट दोनों में ही डेमोक्रेटिक पार्टी को बहुमत हासिल हो गया है। ट्रंप के लिए यह एक बड़ी हार है और ऐसे में ईरान (Iran) की तरफ से जमकर तंज कसा जा रहा है। कई ईरानी मंत्रियों और अधिकारियों ने इस मामले पर तंज कसा है। अब ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई (Esmaeil Baghaei) ने भी अमेरिका पर निशाना साधा है।
बघाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "अहंकार पतन का कारण बनता है। लालच और घमंड से प्रेरित होकर और एक धोखेबाज़ शासन के इशारे पर काम करते हुए तुमने अपने देश को ईरान के खिलाफ एक गैर-कानूनी और क्रूर युद्ध में धकेल दिया। तुम्हारे सारे हिसाब-किताब गलत साबित हुए, तुम्हारी धारणाएं ढह गईं और तुम्हारी रणनीतिक गलतियाँ सबके सामने आ गईं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि तुमने ईरान को और उससे भी अहम बात, ईरानी राष्ट्र के धैर्य, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय गौरव को पूरी तरह से गलत समझा।"
"अमेरिकी जनता ने अब तुम्हें एक स्पष्ट मैसेज दे दिया है। फिर भी अगर तुम वास्तविकता को अनदेखा करते रहे, इतिहास से मिले सबक को भुलाते रहे और इसी खतरनाक रास्ते पर चलते रहे, तो तुम्हारी इस भारी गलती के नतीजे इतने भयानक होंगे कि तुम कल्पना भी नहीं कर पाओंगे।"
"इसलिए इन शब्दों को तब तक दोहराते रहो जब तक कि इनके अर्थ को अनदेखा करना असंभव न हो जाए। इन्हें तब तक सुनते रहेो जब तक कि तुम इनके पीछे की सच्चाई को पूरी तरह समझ न लो - 'ईरान पर हमला करने से जीत नहीं मिलती, बल्कि सिर्फ हार ही हाथ लगती है। ईरान कोई ऐसा देश नहीं है जिसे अहंकार से समझा जा सके, धमकियों से डराया जा सके या आक्रामकता के ज़रिए घुटने टेकने पर मजबूर किया जा सके'।"