
Libya Gaddafi Son Killed: लीबिया के पूर्व शासक कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 53 साल के सैफ अल-इस्लाम की मौत की पुष्टि उनके राजनीतिक दल के प्रमुख की तरफ से की गई है। हालाकि सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की हत्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी के वकील ने बताया कि चार लोगों के एक कमांडो दस्ते ने लीबिया के जिंतान शहर में उनके घर पर हमला बोला और उन्हें गोलियों से भून डाला। हमलावर कौन थे और किसके कहने पर ये हत्या की गई, इसका पता नहीं चल सका है। ये एक सुनियोजित हत्या थी। वहीं एक स्थानीय टीवी ने सैफ अल-इस्लाम की बहन के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उनकी हत्या लीबिया-अल्जीरिया सीमा के पास हुई है।
लीबिया के पूर्व तानाशाह कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के उत्तराधिकारी माने जाने वाले सैफ अल-इस्लाम एक दशक तक कैद और गुमनामी में रहे थे। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की कोशिश की थी। वे किसी आधिकारिक पद पर नहीं थे। उन्हें अपने पिता के शासन के दौरान सबसे ताकतवर शख्स माना जाता था। फिलहाल इस हत्याकांड की ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
उधर, सैफ अल-इस्लाम की राजनीतिक दल ने हमले की जांच की मांग लीबियाई न्यायपालिका और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से की है। उसका मानना है कि यह सिर्फ हत्या नहीं बल्कि एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा हो सकता है।